सीबीगंज पुलिस ने जब्त किया ट्रक, ड्राइवर समेत तीन पकड़े
सीबीगंज। थाना पुलिस ने दिल्ली हाईवे के बड़ा बाईपास से एक संदिग्ध ट्रक को चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। ट्रक में बैटरियों के बॉक्स के नीचे हरियाणा राज्य की शराब की पेटियां भरी हुई मिलीं। सूचना पर अधिकारी थाना सीबीगंज पहुंचे और इस मामले की जानकारी ली।
मामला थाना सीबीगंज क्षेत्र के दिल्ली हाईवे स्थित बड़ा बाईपास पर परधौली गांव के पास का है। थाना पुलिस बड़ा बाईपास पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान तेज गति से दस टायरा ट्रक आता दिखाई दिया। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने ट्रक की गति को बढ़ा दिया। चारों ओर से घेराबंदी कर पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया और थाना सीबीगंज पर ले आई। तलाशी के दौरान ट्रक में अमेजान कंपनी की बैटरियों के बॉक्स के नीचे हरियाणा राज्य की शराब मिली। जानकारी पर सीओ टू भी थाने आ गए और जानकारी ली। फिलहाल पुलिस ने ड्राइवर समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ जारी है। शराब पेटियों को निकाला जा रहा था।
यौनशोषण का आरोपी पकड़कर जेल भेजा
सीबीगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने 24 सितंबर को पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह पति से दूर एक किराए के मकान में रह रही थी। बारादरी क्षेत्र के नवादा शेखान के महेश से उसके प्रेम संबंध हो गए। वह यौन शोषण करता रहा। पीड़ित ने जब शादी की बात कही तो आरोपी अपने साथी सोनू, निखिल व अन्य साथियों के साथ आया और दुष्कर्म किया। पीड़ित ने जब इसका विरोध किया तो सभी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस पर पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया। विवेचना वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रदीप बिश्नोई कर रहे थे। दोषी पाकर आरोपी महेश को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। संवाद