अगर आप नानवेज से बने फास्ट फूड खाने के शौैकीन हैं तो खबर सुनकर आपके मुंह में पानी जरूर आ जाएगा, केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई) के वैज्ञानिकों ने अंडे और चिकन से फास्ट फूड के ऐसे प्रोडक्ट तैयार किए हैं जो सस्ते भी हैं और खाने में काफी जायकेदार भी हैं। सीएआरआई के पोस्ट हारवेस्ट टेक्नोलॉजी डिविजन के इन वैज्ञानिकों ने अंडे से रसमलाई तैयार की है। खाने में जायकेदार और बनाने की विधि बेहद आसान। चिकन के चिप्स और फिंगर चिप्स भी तैयार किए हैं। इनकी खासियत है कि इनको सामान्य तापमान पर भी एक माह से ज्यादा तक रखा जा सकता है। फास्ट फूड की तरह इनका प्रयोग कर सकते हैं। एक और खास चीज तैयार की है, चिकन बिट्स यानी एक तरह की चिकन से तैयार बर्फी। स्वाद में जायकेदार और बनाना भी आसान। वैज्ञानिकों ने यह प्रोडक्ट इसलिए तैयार किए हैं ताकि मुर्गी पालन करने वाले किसान अंडे और चिकन से लाभदायक प्रोडक्ट तैयार कर सकेंगे जिनकी मार्केट में अच्छी खपत हो और लोगों को खाने के अच्छे विकल्प मिल सके। इतना ही नहीं वैज्ञानिकों ने बटेर के अंडे से अचार, चिकन बेफर्स (कुरकुरे की तरह) चिकेन सोेसेज भी तैयार किए हैं। वैज्ञानिकों ने एक और खास चीज तैयार की है, अगर आप अंडा खाने के शौकीन है तो वैज्ञानिकों द्वारा तैयार नमकीन अंडा भी आपको खूब पसंद आएगा। इसकी खासियत यह है इसमें नमक की जगह नमक के स्वाद के लिए पोटेशियम क्लोराइड का प्रयोग किया गया है। जो ह्रदय रोगियों के लिए लाभदायक है। सीएआरआई के निदेशक डॉ. जगमोहन कटारिया के निर्देशन में डिविजन के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एएस यादव, डॉ. एके विश्वास ने यह प्रोडक्ट तैयार किए हैं। उन्होंने बताया कि अभी यह सारे प्रोडक्ट बाजार में नहीं आए हैं। मुर्गी पालन करने वाले किसानों को प्रशिक्षित करेंगे ताकि वह अपनी आय बढ़ा सकें।
मुर्गी के चिकन को ही चुना
चिकन से तैयार प्रोडक्ट के लिए मुर्गी को चुना। वैज्ञानिकों का कहना है कि जब मुर्गी अंडा देना बंद कर देती है तो किसान उसको बेच देते हैं पर इन मुर्गियों का मांस काफी सख्त होता है। इसलिए लोग इसे पसंद नहीं करते। चिकन से अगर इस तरह के प्रोडक्ट बनाकर बाजार में सेल करें तो उस चिकन से अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है।
वर्जन
चिकन और अंडे से हमारे वैज्ञानिकों ने फास्ट फूड अच्छे प्रोडक्ट तैयार किए हैं। इससे किसानों को तो फायदा होगा ही साथ ही लोगों को खाने के अच्छे विकल्प मिल सकेंगे। यह प्रोडक्ट जल्द ही मार्केट में भी नजर आएंगे। मुर्गी पालन करने वाले किसानों को भी इसके लिए प्रशिक्षित करेंगे।
-डॉ. जगमोहन कटारिया, निदेशक सीएआरआई
वैज्ञानिकों द्वारा बनाए गए कुछ प्रोडेक्ट बनाने का तरीका
अंडे की रसमलाई : तीन से चार अंडे कच्चे तोड़कर सौ ग्राम दूध के पाउडर में मिलाकर रख दिया। दो लीटर दूध को उबाला। उबलकर दूध काफी गाढ़ा हो जाए तो मिक्स अंडे को छोड़ दिया। फिर चीनी मिलाई, फिर थोड़ी देर उबाला। फ्लेवर भी डाल सकते हैं। रस मलाई हो गई तैयार।
चिकन फिंगर चिप्स : मशीन द्वारा चिकन को बहुत बारीक किया। मशीन में डालकर मसाले, सब्जी जैसे सोयाबीन, लौकी, कटहल डाल सकते हैं, इसको मिक्स किया। आटे या बेसन के साथ मिक्स किया। इसको माइक्रोवेव में भी पकाया जाता है। उसके बाद मशीन से काटा, चिप्स तैयार। इसको सामान्य तापमान पर रखा जा सकता है।
चिकन बेफर्स (कुरकुरे की तरह): इसके लिए चिकन या टर्की मांस लिया जाता है। चिकन में मैदा या चावल का आटा मिला सकते हैं। उसको फेंटकर फिर मशीन के द्वारा काटा जाता है। माइक्रोवेव में औसत तापमान पर इसको पकाएं। हो गए बेफर्स तैयार।