जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने जारी की अधिसूचना।
- फोटो : अमर उजाला
बरेली जिले में नगर निकायों के रिक्त सदस्य पदों पर उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (नगरीय निकाय) अविनाश सिंह ने राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के क्रम में बुधवार को उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया। इसके तहत 13 अक्तूबर को मतदान और 15 अक्तूबर को मतगणना होगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्र 18 सितंबर से 24 सितंबर तक सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक जमा किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) 25 सितंबर को सुबह 11 बजे से होगी। प्रत्याशी 28 सितंबर को दोपहर तीन बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। प्रत्याशियों को चुनाव चिह्नों का आवंटन 29 सितंबर को किया जाएगा।
मतदान 13 अक्तूबर को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। इसके बाद 15 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी और प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रहेगी।