किसान सेवा केंद्र खाद के साथ बेच रहा था अतिरिक्त उत्पाद
फतेहगंज पश्चिमी में ठेरिया खेत का आईएफएफडीसी (इंडियन फार्म फॉरेस्ट्री डेवलपमेंट कोऑपरेटिव लिमिटेड) कृषक सेवा केंद्र खाद के साथ ही किसानों को अन्य उत्पाद खरीदने को विवश कर रहा था। इस मामले में किसानों की शिकायत पर जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने उसके खाद भंडारण एवं बिक्री का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। उन्होंने बताया कि किसानों की शिकायत पर मामले की जांच की गई थी। शिकायत सही मिली तो कारण बताओ नोटिस दिया गया था। जवाब संतोषजनक न होने पर उसका लाइसेंस निरस्त किया है।
जिले में मौजूद है 2.57 लाख बोरी यूरिया
जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने बताया कि जिले में खाद का अभाव नहीं है। वर्तमान में सभी 142 सहकारी समितियों और 900 से अधिक निजी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद मौजूद है। इन केंद्रों पर 2.57 लाख बोरी यूरिया खाद है। इसी तरह 1.35 लाख बोरी डीएपी, 1.18 लाख बोरी एनपीके खाद बिक्री केंद्रों पर मौजूद है। एमओपी (म्यूरेट ऑफ पोटाश) 19,430 बोरी और सिंगल सुपर फॉस्फेट 66,360 बोरी खाद बिक्री केंद्रों पर उपलब्ध है।