- सीडीओ, एडीएम प्रशासन, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम और बीएसए ने छात्राओं से की पूछताछ, जल्द सुविधाएं मुहैया कराने का वादा
बहेड़ी के भुड़िया कॉलोनी स्थित कस्तूरबा गांधी स्कूल की छात्राओं ने सोमवार को फिर भूख हड़ताल की। बरेली से सीडीओ, एडीएम प्रशासन, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम और बीएसए के समझाने पर छात्राओं ने हड़ताल खत्म की। अधिकारियों ने छात्राओं से पूछताछ करके जांच रिपोर्ट तैयार की। जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। बीएसए ने इंचार्ज के खिलाफ नोटिस जारी किया है।
स्कूल की छात्राओं ने मूलभूत सुविधाएं न मिलने का आरोप लगाकर रविवार को भूख हड़ताल की थी। इंचार्ज संगीता भास्कर पर अनदेखी का आरोप लगाया। इसके बाद जिलाधिकारी के आदेश पर सीडीओ देवयानी, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम इशिता किशोर, बीएसए डॉ. विनीता ने छात्राओं को कार्रवाई का आश्वासन देकर हड़ताल खत्म कराई।
अधिकारियों ने पांच-पांच छात्राओं को अलग-अलग कमरे में बुलाकर छात्राओं के बयान दर्ज किए। विद्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया। करीब तीन घंटे हुई जांच की रिपोर्ट तैयार की गई है। बीएसए डॉ. विनीता ने विद्यालय के निरीक्षण के दौरान पंजिकाओं का रखरखाव सही न मिलने पर इंचार्ज संगीता भास्कर के खिलाफ नोटिस जारी किया है।
सूत्रों के मुताबिक, छात्राओं की शिकायत सही साबित हुई है। छात्राओं ने बताया कि सुविधाएं मिलने तक का इंतजार कर रहे हैं। अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो फिर से धरना-प्रदर्शन करेंगे। अभाविप के अधिकारियों ने स्कूल में पठन-पाठन बहाल रखने और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही है। इस बाबत, अधिकारी बयान देने से बच रहे हैं।