Not at the petrol pump Coins, Hungama
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
रामपुर बाग स्थित इंडियन आयल कारपोरेशन (आईओसी) पेट्रोल पंप पर दस रुपये के सिक्के नहीं लेने पर बड़ा हंगामा हो गया। पुलिस ने पंप से तीन कर्मचारी धर दबोचे। इस घटना को लेकर आईओसी अफसर घंटों अनभिज्ञ बने रहे।
प्रभा सिनेमा के सामने आईओसी द्वारा संचालित कोको पंप पर आए दिन कुप्रबंधन के चलते ग्राहकों से विवाद होता रहता है, जबकि कंपनी ने अपना प्रबंधक तैनात कर रखा है। रविवार दोपहर में सिविल लाइंस निवासी अमित मौर्य पंप पर सौ रुपये का पेट्रोल मोटर साइकिल में भरवाने के लिए पहुंचे। मौर्य के साथ पत्नी और दो बच्चे भी थे। पेट्रोल भरने के दौरान अमित ने दस-दस रुपये के सिक्के जेब से निकाले और सेल्समैन को देना चाहा। सेल्समैन सिक्के देखकर उखड़ गया और पेट्रोल भरना बंद कर दिया। सेल्समैन और उसके साथी मोटर साइकिल से पेट्रोल निकाले की कोशिश करने लगे। इसे लेकर विवाद हो गया। अमित ने सौ नंबर डायल कर दिया तो पुलिस जा पहुंची। सूचना मिलने पर तमाम समर्थक पहुंच गए।
आरबीआई से जारी करेंसी और करेंसी लेने से मना करना आपराधिक मामला बनता है, इसलिए पुलिस ने पंप सुपरवाइजर चंदन सिंह, विकास और अजय शर्मा को पकड़ लिया। कोतवाली पुलिस ने तीनों कर्मियों को हिरासत में ले लिया है, देर रात तक शिकायतकर्ता से समझौता करने की चर्चा रही। उधर, कंपनी पंप प्रबंधक सोनाली केजरीवाल शाम तक अनभिज्ञ बनी रहीं।
आईओसी मुख्य प्रबंधक अरुण ठाकले ने कहा है कि वैध करेंसी और सिक्के न लेना अनुचित है, कंपनी ने दिशा निर्देश दे रखे हैं। इसमें दोषी सेल्समैन और कर्मी पर कार्रवाई होगी। इस बीच एसबीआई वरिष्ठ आरके गौड़ ने कहा है कि वैध करेंसी और सिक्के लेने से मना करने पर आपराधिक मामला बनता है।