बरेली। आर बाजपेई फूड चेन के कर्मचारियों और ठेकेदारों ने बुधवार को डीआईजी कार्यालय पहुंचकर शिकायतीपत्र सौंपा। उन्होंने रोहित बाजपेई और उसके पिता नवीन कुमार बाजपेई पर दो माह के वेतन और अन्य बकाये का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शिकायतीपत्र में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बारादरी थाना क्षेत्र की आंचल कॉलोनी निवासी रोहित बाजपेई के कई प्रतिष्ठान आर बाजपेई नाम से देशभर में संचालित हैं। इन प्रतिष्ठानों पर कर्मचारी अलग-अलग पदों पर कार्यरत थे। उनका दो माह का वेतन बकाया हो गया था। इसकी मांग लगातार रोहित बाजपेई और उसके पिता नवीन कुमार बाजपेई से कर रहे थे, लेकिन दोनों टालमटोल करते रहे।
कर्मचारियों को सात नवंबर को वेतन देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन छह नवंबर की रात से ही पिता-पुत्र लापता हो गए। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने के कारण वे दिवाली भी ठीक से नहीं मना सके। उनके परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। डीआईजी मुनिराज जी. ने कर्मचारियों व ठेकेदारों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।