आंवला। युवक को नाबालिग लड़की से छेड़खानी के मामले में आरोपी बताकर ठगों ने उसकी मां को डिजिटल अरेस्ट कर लिया। बेटे को छोड़ने के नाम पर दो लाख रुपये वसूल लिए। पीड़िता ने मंगलवार को अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आंवला थाना क्षेत्र के चंपतपुर गांव निवासी राजकुमारी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अतुल चंदौसी में निजी फैक्टरी में नौकरी करता है। 26 अक्तूबर को सुबह उनके मोबाइल फोन पर अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर खुद को पुलिस अधिकारी बताया और कहा कि उनका बेटा किशोरी से छेड़खानी करते पकड़ा गया है। वह पुलिस हिरासत में है। कॉल करने वाले ने कॉल न काटने की बात कही और उनके बेटे को छोड़ने के बदले दो लाख रुपये की मांग की। उसके झांसे में आकर महिला ने कस्बा स्थित जनसेवा केंद्र के जरिये अज्ञात व्यक्ति के बताए गए खाते में रुपये डलवा दिए।
कॉल करने वाले ने इस बारे में किसी को न बताने की चेतावनी दी। अगले दिन बेटा अतुल घर आया तो पूछने पर उसने बताया कि उसके साथ कुछ नहीं हुआ। तब उनको ठगी का अहसास हुआ। सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।