बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में चार अगस्त को होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने समारोह की समितियों के साथ बैठकें शुरू कर दी हैं। सोमवार को हुई बैठक में उन्होंने दीक्षांत समारोह से संबंधित कामों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
कुलपति ने समितियों से प्रगति रिपोर्ट मांगी। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित करने का एक आयोजन है। मंच संचालन, मंडप निर्माण, अतिथि आगमन और सुरक्षा जैसी समितियों ने अपनी तैयारियों की जानकारी दी। मीडिया प्रबंधन, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और उपाधि वितरण पर भी चर्चा हुई। बैठक में कुल सचिव महेंद्र कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक अनिल कुमार यादव, डीन एकेडमिक्स प्रोफेसर एसके पांडे और अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर विनय ऋषिवाल उपस्थित रहे।
शिक्षकों की पदोन्नति का रास्ता साफ
दीक्षांत समारोह की तैयारियों के बीच शिक्षकों की पदोन्नति भी लगभग तय है। इंजीनियरिंग संकाय, शिक्षा विभाग, शारीरिक शिक्षा विभाग और जीव विज्ञान विभाग के प्रोफेसरों की पदोन्नति होनी है। कुल 30-35 शिक्षकों ने पदोन्नति के लिए आवेदन किए हैं। इनमें अधिकांश असिस्टेंट प्रोफेसरों की पदोन्नति वर्षों से बकाया है। नए असिस्टेंट प्रोफेसरों को भी पदोन्नति की उम्मीद है। पदोन्नति के लिए 21, 22 और 23 जुलाई की तिथि निर्धारित है। इसके लिए एक समिति भी बनाई गई है।
दो प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस की नियुक्ति
विश्वविद्यालय परिसर में दो प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस की भी नियुक्ति होने जा रही है। ये नियुक्तियां एफईटी और विधि विभाग में होंगी। इन शिक्षकों का चयन कुछ दिनों पहले हो चुका है। अब कार्य परिषद की बैठक में इनकी नियुक्ति पर मुहर लगनी बाकी है। विश्वविद्यालय में इस बात की भी चर्चा है कि इन नई नियुक्तियों के लिए कोई विज्ञापन जारी नहीं किया गया था।