आईटीआर की जमीन पर सौ बेड का अस्पताल बनाने का शासनादेश भी जारी
विज्ञापन
इसी सप्ताह कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक में पारित होगा प्रस्ताव
बरेली। बंद पड़ी इंडियन रोजिन एंड टर्पेंटाइन फैक्टरी यानी आईटीआर की जमीन पर ईएसआई अस्पताल के निर्माण की शासन ने अनुमति दे दी है। शासन से जारी आदेश में अस्पताल के लिए 19 हजार वर्ग मीटर जमीन का चिन्हांकन कर उसकी सीमाएं भी तय कर दी गई हैं। आईटीआर कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक में मुहर लगने के बाद यह जमीन केंद्रीय श्रम व रोजगार मंत्रालय के सुपुर्द कर दी जाएगी।
कैबिनेट ने 29 सितंबर को सीबीगंज में आईटीआर की जमीन पर सौ बेड का आधुनिक ईएसआई अस्पताल बनाने की अनुमति दी थी। अब इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार की ओर से जारी शासनादेश में कहा गया है कि आईटीआर की जमीन के बदले कर्मचारी राज्य बीमा निगम को 62.436 करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा। अस्पताल के लिए बंगला नंबर 11 की 4.67 एकड़ यानी 18,920 वर्ग मीटर जमीन चिन्हित की गई है। शासन के आदेश के मुताबिक जमीन की रजिस्ट्री का खर्च भी उसे खरीदने वाली संस्था को उठाना पड़ेगा।
शासनादेश जारी होने के बाद अब आईटीआर कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक होगी। कंपनी के प्रबंध निदेशक कमिश्नर हैं। सूत्रों के मुताबिक इसी सप्ताह कंपनी से प्रस्ताव पारित होने के बाद जमीन की रजिस्ट्री की औपचारिकता पूरी होगी। केंद्रीय श्रम व रोजगार मंत्रालय ने ईएसआई महानिदेशक अनुराधा प्रसाद को जल्द ये औपचारिकताएं पूरी कराने की जिम्मेदारी दी है ताकि शारदीय नवरात्र में ही भूमि पूजन और शिलान्यास का काम संपन्न हो जाए।