लखीमपुर खीरी के महेवागंज में मायके में मौजूद पत्नी से मोबाइल पर हुई अनबन के बाद पति ने सोमवार रात दुपट्टे के फंदे से फांसी लगा कर जान दे दी। उधर, पति की मौत की सूचना मिलते ही कुछ देर बाद पत्नी भी फंदे पर लटक गई।
नवदंपती की मौत से दो परिवारों में कोहराम मचा है। पुलिस को खबर किए बिना घर वालों ने एक साथ दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिसौना निवासी सुशील के पुत्र अखिलेश वर्मा (21) की शादी करीब छह माह पहले सीतापुर जिले के थाना हरगांव के गांव अबरीपुर निवासी रमेश वर्मा की पुत्री अर्चना (19) से हुई थी।
शादी से दंपती और उनका परिवार काफी खुश था। करीब दस दिन पहले महिला मायके गई थी। परिजनों के मुताबिक सोमवार शाम युवक ने पत्नी से मोबाइल पर कल विदा कर उसे घर ले आने की बात कही। लड़की ने कुछ दिन बाद आने को कहा।
इस पर दोनों के बीच बहस हुई। युवक ने नाराजगी जताते हुए बीच में ही फोन काट दिया और ऊपरी मंजिल पर अपने कमरे में चला गया। रात करीब साढ़े दस बजे कमरे में पंखे से युवक का शव लटकते देख घर में कोहराम मच गया।