हाल में डाली गई सड़क का कुछ ऐसा हो चुका है हाल।
बरेली। करीब एक साल से खुदी पड़ी सिटी स्टेशन रोड को अभी एक सप्ताह पहले ही बनाया गया था। यह सड़क 24 घंटे की बारिश भी नहीं झेल पाई और जगह-जगह से बैठ गई है। कई जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जो अब हादसे का कारण बन रहे हैं।
एक साल पहले सिटी स्टेशन रोड से किला तक सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू किया गया था। सड़क पर खोदाई होने से एक लेन पर साल भर तक यातायात बंद रहा। पिछले सप्ताह ही जल निगम ने सीवर लाइन का काम पूरा होने के बाद सिटी स्टेशन से किला पुल तक सड़क का निर्माण किया था, लेकिन यह सड़क रविवार शाम से हुई बारिश में बी कई जगह बैठ गई है। गहरे गड्ढे हो गए हैं। पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे दुपहिया वाहन चालक इनमें गिरकर घायल हो रहे हैं।
सोमवार को व्यापारी नदीम शम्सी, पम्मी खान वारसी आदि ने इस बारे में जल निगम से शिकायत की। व्यापारियों ने जल निगम से गड्ढों में पैचवर्क कराने के साथ ही सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की। कहा, एक ही बारिश में सड़क की जिस तरह से दुर्दशा हुई है, उससे साफ है कि ठेकेदार ने निर्माण मानक के अनुरूप नहीं किया है। जल निगम के एक्सईएन संजय कुमार ने कहा कि सड़क को दिखवाया जाएगा। जहां दिक्कतें हैं, उन्हें दूर कराया जाएगा।