बरेली में जमीन, मकान और दुकान खरीदना जल्द और महंगा हो जाएगा। जिला प्रशासन ने शहर और देहात क्षेत्रों का प्रस्तावित सर्किल रेट तैयार कर लिया है। प्रस्तावित दर पर लोगों से 22 जुलाई तक आपत्ति मांगी है। आपत्ति निस्तारण के बाद एक अगस्त से नई दरें प्रभावी हो जाएंगी।
जिला प्रशासन से प्राप्त सूचना के अनुसार उत्तर प्रदेश स्टांप संपत्ति मूल्यांकन नियमावली के तहत एक अगस्त से नई स्टाम्प दरें प्रभावी हो जाएंगी। प्रस्तावित सर्किल रेट की सूची एडीएम वित्त एवं राजस्व, एआईजी स्टांप कार्यालय में कोई भी देख सकता है।
ये भी पढ़ें- पत्नी संग मिलकर प्रेमिका की हत्या: 'वह ब्लैकमेल कर रही थी... इसलिए मार डाला'; आरोपी का कबूलनामा
इस सूची पर 22 जुलाई तक कोई भी व्यक्ति आपत्तियां और सुझाव दर्ज करा सकता है। इसके बाद प्राप्त किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण 25 जुलाई को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होगा।
आपत्तिकर्ता इस बैठक में शामिल हो सकते हैं। आपत्तियों और सुझावों पर मंथन के बाद नई दरों पर मुहर लगेगी। एआईजी स्टांप तेज सिंह यादव के मुताबिक शहरी क्षेत्र और शहर से सटे ग्रामीण इलाकों में दस फीसदी तक सर्किल रेट बढ़ाया जा सकता है।