मारिया डे ने नए लांच किए अपने प्रोडक्ट को बरेली के बाजार में उतारते हुए रविवार को तीन आउटलेट शुरू कर दिए। फिनिक्स माल, डीडीपुरम और बटलर प्लाजा में आउटलेट का उद्घाटन अभिनेता नील नितिन मुकेश और उनके पिता गायक नितिन मुकेश ने किया।
फिनिक्स माल में आउटलेट के उद्घाटन के मौके पर डीएम गौरव दयाल भी मौजूद रहे। अभिनेता नील नितिन मुकेश ने फीता काटकर आउटलेट का उद्घाटन करने के बाद कहा कि वह गारंटी से कह सकते हैं कि मारिया डे का हर प्रोडक्ट सौ टका नंबर वन है। नितिन मुकेश ने उम्मीद जताई कि मारिया डे के प्रोडक्ट की गुणवत्ता दूसरों से बेहतर साबित होगी और मारिया डे को जन-जन का खरा ब्रांड बनते देर नहीं लगेगी। मारिया डे के चेयरमैन हाजी शकील कुरैशी ने कहा कि मारिया डे के प्रोडक्ट की क्वालिटी से कोई समझौता नहीं किया गया है। भविष्य में भी कोई समझौता बिल्कुल नहीं होगा। यह ब्रांड अपनी साख हासिल करेगा। बोले- हमारे प्रत्येक आउटलेट पर हर जरूरत के प्रोडक्ट उपलब्ध होंगे। एक ही छत के नीचे लोग उसको खरीद सकेंगे। उन्होंने अतिथियों का स्वागत किया।
कलाकार के लिए संघर्ष जरूरी: नितिन
कई चर्चित हिंदी फिल्मों में तमाम मशहूर गीत गा चुके गायक नितिन मुकेश ने कहा कि आज गीत-संगीत की दुनिया में पहले की अपेक्षा मंच तथा संभावनाएं बहुत हैं। टैलेंट शो के जरिए बहुत सारे लोगों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका मिल जाता है लेकिन हमारे दौर में संघर्ष ज्यादा था। बोले- कलाकार के जीवन में संघर्ष बेहद जरूरी है और आज के दौर में बहुत सारे युवक संघर्ष कर भी रहे हैं, वह उतना ही अच्छा प्रदर्शन भी कर रहे है। इस मौके पर नितिन मुकेश ने अपने सबसे पसंदीदा गीत- जिंदगी की न टूटे लड़ी... सुनाया। बोले- बरेली में मिला प्यार हमेशा याद रखेंगे।
उमड़ी भीड़, पुलिस बुलाई
तीनों स्थानों पर स्टारों को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। फिनिक्स माल में दूसरी मंजिल पर खुले मारिया डे के स्टोर के उद्घाटन के लिए जैसे ही लोगों को नील नितिन मुकेश के आने की सूचना मिली, काफी पहले ही शोरूम के बाहर भीड़ उमड़ गई। बड़ी बेसब्री से लोग एक्टर का इंतजार करने लगे। नील अपने पिता नितिन मुकेश के साथ पहुंचे तो उनके साथ भीड़ स्टोर में अंदर घुसने की कोशिश करने लगी लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने घुसने नहीं दिया। बाद में लोग शीशे से अंदर देखने लगे। भीड़ काफी थी इसलिए उसको साधने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। यही स्थिति डीडी पुरम और बटलर प्लाजा के स्टोरों के उद्घाटन के दौरान देखने को मिली।