फतेहगंज पश्चिमी। बल्लिया पूर्वी के नजदीकी गांव फरीदापुर रामचरन के तालाब में पीला मिट्टी खोदने ग्रामीणों पर कई टन वजनी ढांग गिरने गिर गई। हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई जबकि एक बच्ची व तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि शव का पोस्टमार्टम हुआ है। फरीदापुर रामचरन के कई ग्रामीण सुबह लगभग नौ बजे गांव के दक्षिण दिशा में 100 मीटर दूर स्थित सूखे तालाब से पीला मिट्टी खोद रहे थे। अचानक ढांग ढह गई, ढांग में 60 वर्षीय नारायण दास दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ढांग में दबी महिलाओं की चीख पुकार पर आसपास काम करने वाले लोग इकट्ठा हो गए और सबको मलबे से निकाला। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मलबे में दबी तीन महिला और एक बच्ची को निकाल लिया गया। गंभीर रूप से घायल हुई तीन महिलाएं 40 वर्षीय रामकुमारी पत्नी स्व. कल्लू, 20 वर्षीय रीता पुत्री प्रेमराज और 40 वर्षीय प्रेमवती पत्नी ईश्वरी प्रसाद हैं। तीनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा मृतक नारायण दास के घर आई एक रिश्तेदार की बेटी आठ वर्षीय अंजलि भी ढांग में दब गई, चोटिल बच्ची का पीएचसी में मेडिकल कराकर उसे छुट्टी दे दी गई। नारायण दास को जब मिट्टी के मलबे से निकाला गया तब तक वह दम तोड़ चुके थे। मौके पर उनका परिवार इकट्ठा हो गया, नारायण दास के तीन बेटों समेत पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घायलों को मलबे से निकालकर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।