बरेली। परीक्षा देने के लिए भमोरा के गांव में फूफा के घर आई छात्रा की हत्या दुष्कर्म का विरोध करने पर गांव में ही रहने वाले विकास नाम के युवक ने की थी। उसने पहले दुपट्टे से छात्रा का गला घोटा, फिर उसे घसीटकर नदी तक ले गया। इसके बाद भी छात्रा नहीं मरी तो घर से चाकू लाकर गला काट दिया। पुलिस ने विकास को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
भमोरा के एक गांव में फूफा के घर रहकर यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रही 18 वर्षीय छात्रा मंगलवार रात लापता हो गई थी। बुधवार सुबह उसका शव गांव के बाहर नदी में पड़ा मिला था। गले में दुपट्टा कसा था। चाकू से गला रेता गया था। छात्रा का परिवार भी इसी गांव का रहने वाला है, लेकिन उसके पिता परिवार के साथ गाजियाबाद में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। इस मामले में पुलिस ने गांव के ही विकास को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया है।
थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह सिरोही ने बताया कि छात्रा की गांव के ही राहुल नाम के युवक से दोस्ती थी। विकास को इसकी जानकारी थी। लिहाजा वह छात्रा को ब्लैकमेल कर इसका फायदा उठाना चाहता था। उसने गांव में ही रहने वाले अजय नाम के अपने दोस्त का फोन चोरी किया और मंगलवार रात उसी से छात्रा को कॉल करके कहा कि राहुल ने उसे मिलने के लिए बुलाया है। छात्रा अपने बाबा को खाना देने के बाद घर के पीछे पहुंची तो वहां सिर्फ विकास मौजूद था। उसने राहुल के बारे में पूछा तो विकास उसे बातों में फंसाकर दुष्कर्म की नीयत से नदी किनारे ले जाने लगा और छेड़छाड़ करने लगा।
छात्रा ने इसका विरोध किया और घरवालों से शिकायत करने की धमकी दी तो विकास ने छात्रा के दुपट्टे से ही उसका गला घोट दिया। इससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद विकास उसे घसीटकर ले गया और नदी में फेंक दिया। घर पहुंचने पर उसे संदेह हुआ कि कहीं छात्रा जिंदा तो नहीं बच गई। इसके बाद वह घर से चाकू लेकर दोबारा नदी पर पहुंचा। पहले उसने छात्रा की गर्दन पर धीरे से चाकू चलाया तो उसके शरीर में हलचल हुई। इसके बाद उसने छात्रा का गला रेत दिया। छात्रा का फोन भी खेत में फेंक दिया, जो अब तक बरामद नहीं हुआ है। आरोपी शादी-समारोह में वेटर का काम करता है। खुलासे के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
इस तरह हुआ घटना का खुलासा
पुलिस ने छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल निकालवाई तो अंतिम बार उसकी अजय के नंबर पर बात होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने अजय को हिरासत में लिया तो पता चला कि उसका मोबाइल दो दिन पहले चोरी हो चुका है। इसी बीच आंवला थाने से अजय के बारे में जानकारी मांगी गई। वहां अजय के नंबर से मोतीपुरा गांव में एक पूर्व प्रधान के घर फोन करके महिलाओं को परेशान किया गया था। बाद में यूपी-112 पर कॉल करके कहा गया कि वह पूर्व प्रधान के परिवार की एक लड़की से शादी करना चाहती है लेकिन परिवार वाले परेशान कर रहे हैं। लड़की का नाम भी उसके हाथ पर गुदा हुआ था। पुलिस ने अजय से पूर्व प्रधान के घर जिस नंबर पर बात हुई थी, उसके बारे में जानकारी मांगी। इस पर अजय ने बताया कि उस नंबर पर विकास अक्सर फोन करके एक लड़की से बात करता था। इसके बाद पुलिस ने विकास को हिरासत में लिया। पहले तो वह गुमराह करता रहा लेकिन जब सख्ती की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
हिमायती बनकर पूरे दिन परिवार के साथ लगा रहा
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद विकास गांव में ही मौजूद रहा। किसी को शक न हो, इसलिए वह छात्रा का शव मिलने पर मौके पर पहुंचा। इसके बाद पूरे दिन परिवार वालों के साथ हिमायती बनकर लगा रहा। परिवार वालों को भी उस पर कोई शक नहीं हुआ। मगर छात्रा के मामा का कहना है कि विकास अकेले हत्या नहीं कर सकता। उसके साथ एक-दो लोग और रहे होंगे, पुलिस को इसकी जानकारी करनी चाहिए।