पुलिस प्रशासन की गैर मौजूदगी में दस में से सिर्फ एक युवक ने ही पहनी पीपीई किट
विज्ञापन
फरीदपुर के जिस निजी अस्पताल में भर्ती रहा उसे भी न सैनिटाइज कराया न ही किया सील
फरीदपुर। गन्ना विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी की शनिवार को कोरोना से मौत हो गई थी। रविवार को एंबुलेंस से शव फरीदपुर के मोहल्ला फर्रखपुर पहुंचा तो अंतिम संस्कार में पुलिस-प्रशासन का कोई भी कर्मचारी शामिल नहीं हुआ। परिवार के ही दस सदस्यों ने अंतिम संस्कार किया, उनमें भी केवल एक व्यक्ति ही पीपीई किट पहने नजर आया। दूसरी ओर फरीदपुर के जिस निजी अस्पताल में एक दिन संक्रमित भर्ती रहा था, उसे भी अब तक न तो सैनिटाइज किया गया है न ही सील। अस्पताल में पहले की तरह ही मरीज देखे जा रहे हैं, जिससे कस्बे में दहशत फैल गई है।
फरीदपुर के मोहल्ला फर्रखपुर निवासी गन्ना विभाग से सेवानिवृत्त व्यक्ति को सांस लेने में तकलीफ हुई तो फरीदपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर शनिवार को उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां कोरोना जांच रिपोर्ट आने से पहले ही उसकी मौत हो गई। बाद में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिला अस्पताल से रविवार को शव परिजन को सौंपा गया था।