नाथ कॉरिडोर की परिकल्पना को विस्तार देते हुए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) शहर के दो प्रमुख प्रवेश मार्गों पर सोमनाथ एवं विश्वनाथ द्वार का निर्माण कराएगा। नैनीताल रोड पर सोमनाथ द्वार और पीलीभीत रोड पर विश्वनाथ द्वार बनाए जाएंगे। दोनों द्वारों को भगवान शिव की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपरा से जोड़ते हुए पत्थर के स्थापत्य और आधुनिक फसाड लाइटिंग से आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।
बरेली में नाथ कॉरिडोर के तहत पहले ही अवैधनाथ, अलखनाथ, त्रिवटीनाथ और केदारनाथ द्वार विकसित किए जा चुके हैं। अब सोमनाथ और विश्वनाथ द्वार के निर्माण से शहर के प्रमुख मार्गों पर नाथ परंपरा आधारित स्थापत्य शृंखला को और विस्तार मिलेगा। सोमनाथ द्वार में सोमनाथ ज्योतिर्लिंग तथा विश्वनाथ द्वार में काशी विश्वनाथ की आध्यात्मिक एवं स्थापत्य परंपरा की झलक दिखाई देगी।