बरेली। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देशभर में मचे बवाल के बीच रुहेलखंड विश्वविद्यालय के छात्र भी सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों में शामिल हो गए हैं। पुलिस ने ऐसे नौ छात्रों की पहचान करके कार्रवाई के लिए विश्वविद्यालय को रिपोर्ट भेजी है। इनमें से अधिकांश मैनेजमेंट के छात्र बताए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन सोमवार को इन छात्रों से पूछताछ करेगा, तब तक संबंधित विभागों के डीन को तलब कर इन छात्रों की निगरानी करने को कहा गया है।
शुक्रवार को पुलिस प्रशासन ने रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनिल शुक्ल को पत्र भेजकर सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वाले दो छात्रों के बारे में जानकारी दी गई थी। विश्वविद्यालय ने इन छात्रों की निगरानी शुरू कराई। इसी बीच शनिवार को पुलिस ने सात अन्य छात्रों की सूची विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपी। इन सभी छात्रों ने भी सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और कमेंट किए थे। इनमें से अधिकांश मैनेजमेंट के छात्र बताए जा रहे हैं। मैनेजमेंट विभाग के डीन को इन छात्रों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। डीन सोमवार को इन छात्रों की रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने रखेंगे। इसके बाद इन छात्रों पर कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा। कुलपति प्रो. अनिल शुक्ल ने बताया कि इस मामले को विश्वविद्यालय प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि जामिया मिल्लिया यूनिवर्सिटी, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी और लखनऊ यूनिवर्सिटी में हुए बवाल के चलते पुलिस-प्रशासन रुहेलखंड विश्वविद्यालय के छात्रों की पोस्ट को गंभीरता से ले रहा है ताकि बात आगे बढ़ने से पहले ही उसे काबू किया जा सके।