शास्त्री नगर में कुम्हारों वाली पुलिया पर सफाई करने गई नगर निगम की जेसीबी नाले में गिर गई। इससे ड्राइवर और सफाई कर्मचारी बाल-बाल बच गए। नाले से जेसीबी को उठवाने के लिए दूसरी जेसीबी भेजी गई। उधर, नाला सफाई में लगे आउटसोर्सिंग कर्मचारी आधा-अधूरा नाला साफ कर लौट गए। इससे आस-पास के दुकानदार और कालोनिवासियों में आक्रोश देखा गया।
शहर में बरसात पूर्व तलीझाड़ नाला सफाई अभियान एक मई से चल रहा है। शास्त्रीनगर में कुम्हारों वाली पुलिया से नीचे उतारने पर जेसीबी नाले में गिर गई। ड्राइवर समेत सफाई कर्मचारी बाल-बाल बच गया। कर्मचारियों के मुताबिक पार्षद मोहम्मद असलम ने ड्राइवर से जेसीबी नाले के अंदर उतारने का दबाव बनाया। बुधवार को शास्त्री नगर में बड़ी जेसीबी, छोटी चेन मशीन, पांच ट्रैक्टर, सतीपुर में जेसीबी, चेन मशीन, दो ट्रैक्टर, पवन विहार में जेसीबी, तीन ट्रैक्टर और करगैना में जेसीबी और चार ट्रैक्टर ट्रालियों लगाकर नाला सफाई कराई गई। पुराना शहर के रोहिली टोला समेत अन्य स्थानों पर सात जेसीबी, 22 ट्रैक्टर ट्राली और 87 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों नाला सफाई में लगाए गए। चौपुला चौराहा पर प्लाजा होटल के पीछे आउटसोर्सिंग कर्मचारी आधा नाला साफ करने के बाद उसकी सिल्ट खुले में रखकर चले गए।
‘नाला सफाई युद्ध स्तर पर करायी जा रही है। मैं खुद प्रतिदिन रोजाना सफाई का निरीक्षण कर रहा हूं। कहीं कर्मचारी गड़बड़ी कर रहे हैं तो कार्रवाई की जाएगी।’ डा. एसपीएस सिंधू, नगर स्वास्थ्य अधिकारी