फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: नगर पंचायत के कार्यों में व्यवधान डालने का आरोप, अध्यक्ष ने डीएम को दिया पत्र, जांच की मांग

Mon, 01 Jun 2026 01:25 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

सार

 नगर पंचायत नौगवां पकड़िया की अध्यक्ष संदीप कौर ने सोमवार को जिलाधिकारी से शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग नगर पंचायत के कार्यों में बाधा डाल रहे हैं। ये प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से अवैध वसूली कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
समर्थकों संग कलक्ट्रेट पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पीलीभीत की नगर पंचायत नौगवां पकड़िया के कार्यों में व्यवधान डालने समेत अन्य मामलों से नाराज अध्यक्ष संदीप कौर सोमवार को समर्थकों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचीं। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र दिया। आरोप लगाया कि नगर पंचायत क्षेत्र के कुछ असामाजिक तत्व और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग जनप्रतिनिधियों का नाम लेकर खुद को प्रभावशाली बताने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोग लंबे समय से नगर पंचायत के कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रहे हैं, जिससे विकास कार्यों और योजनाओं के संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है। 

विज्ञापन




पत्र में कहा गया है कि हाल के दिनों में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों से अवैध वसूली का प्रयास किए जाने और धमकी देने संबंधी शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा लाभार्थियों से धनराशि की मांग की गई और इंकार करने पर उनके विरुद्ध शिकायतें करने व आवास स्वीकृति रद्द कराने की धमकी दी गई। इससे लाभार्थियों में भय और असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है और योजना के प्रति नकारात्मक माहौल बन रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

तथ्यहीन शिकायतें करते हैं आरोपी 
नगर पंचायत अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोग स्वयं या अपने सहयोगियों के माध्यम से लगातार विभिन्न विभागों और अधिकारियों को शिकायतें भेजते रहते हैं। इनमें से कई शिकायतें तथ्यहीन होने का दावा करते हुए कहा गया है कि इनका उद्देश्य केवल प्रशासनिक कार्यों में व्यवधान उत्पन्न करना और जनप्रतिनिधियों की छवि धूमिल करना है। आरोप है कि बीते तीन वर्षों में भी इन व्यक्तियों से संबंधित कई शिकायतों की जांच विभिन्न स्तरों पर कराई जा चुकी है, लेकिन किसी भी जांच में नगर पंचायत व उसके अधिकारियों-कर्मचारियों की संलिप्तता सिद्ध नहीं हुई। 

इसके बावजूद लगातार शिकायतें किए जाने से प्रशासनिक संसाधनों और समय की अनावश्यक बर्बादी हो रही है। अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से मांग की है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से अवैध वसूली और धमकी दिए जाने के आरोपों की गहन जांच कराई जाए। डीएम ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, इसके बाद अध्यक्ष समर्थकों के साथ लौट गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें