बरेली। छह महीना पहले तबादला हो जाने के बावजूद नगर निगम में जमे बाबुओं को लेकर स्थानीय निकाय निदेशालय ने नाराजगी जताई है। नगर आयुक्त को भेजे पत्र में निदेशक डॉ. काजल ने ऐसे कर्मचारियों को तत्काल कार्यमुक्त करने को कहा है, ताकि वे नवीन स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर सकें।
पत्र में कहा गया है कि निदेशालय से स्थानांतरण होने के बावजूद कई अधिकारी और कर्मचारी नवीन तैनाती स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने नहीं पहुंचे हैं। वे अब भी पुराने तैनाती स्थल पर ही कार्य कर रहे हैं। यह अत्यंत खेदजनक है और आदेशों की अवहेलना की श्रेणी में भी आता है। निदेशक ने नगर आयुक्त को ऐसे कर्मचारियों को तत्काल कार्यमुक्त करने को कहा है। यह चेतावनी भी दी है कि यदि इन कर्मचारियों ने चालू माह के अंत तक नवीन तैनाती स्थल पर पदभार ग्रहण नहीं किया तो उनका वेतन रोक दिया जाए। इस संबंध में सोमवार तक निदेशालय ने नगर आयुक्त से रिपोर्ट भी तलब की है।