बरेली। नगर निगम में अब अतिक्रमण और अवैध यूनिपोल हटाने की जिम्मेदारी रिटायर्ड सैनिक संभालेंगे। शासन से नियुक्त प्रवर्तन अधिकारी रिटायर्ड कर्नल सुधीर भोला ने नगर निगम पहुंचकर जिम्मेदारी संभाल ली है और अब उनकी टीम तैयार की जा रही है। महीने भर में टीम तैयार होने के बाद अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
कर्नल सुधीर भोला ने बताया कि उनकी टीम में चार रिटायर्ड जेसीओ, आठ नॉन कमीशंड ऑफिसर और 16 पीआरडी या होमगार्ड के जवान होंगे। करीब एक महीने में इनकी चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, इस दौरान जुर्माना लगाने के लिए निगम की टीम भी उनके साथ मौजूद रहेगी। उनकी जिम्मेदारी अवैध अतिक्रमण, अवैध यूनिपोल, अवैध बाजार, अवैध पार्किंग और पॉलिथीन पर रोक लगाने की होगी। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा करने वाले अभी से ही होशियार हो जाएं और अपने कब्जे हटा लें क्योंकि अब कोई रियायत नहीं मिलेगी। सख्ती के साथ अतिक्रमण हटेगा और लगातार उसकी निगरानी कर जुर्माना भी लगेगा, जिसका शहर में जल्दी ही असर भी दिखेगा।
दिन में हटेंगे कब्जे और रात में अवैध यूनिपोल
सूत्रों का कहना है कि इस बार नगर निगम दो चरण में अतिक्रमण हटाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत दिन में सड़क किनारे से अवैध कब्जे हटवाए जाएंगे और रात में अवैध यूनिपोल हटाए जाएंगे ताकि यातायात बाधित न हो। वहीं अभियान के बीच एक-एक दिन का अंतर भी रखा जाएगा। इस दिन अतिक्रमण चिह्नित कर चेतावनी दी जाएगी।