बरेली। कुछ ही देर की बारिश में शुक्रवार को शहर के कुछ इलाकों में जलभराव हो गया। इसके चलते लोगों को खासा परेशान होना पड़ा। वहीं, कुछ इलाकों में अब तक पहले की बारिश का पानी ही नहीं निकला है।
शुक्रवार दोपहर शहर के कुछ इलाकों में बारिश हुई। चौपुला, कुंवरपुर, किला आदि क्षेत्र में बारिश के चलते कुछ इलाकों में जलभराव हुआ। नाला सफाई न होने के चलते कुंवरपुर में मुख्य मार्ग पर दो फुट तक पानी भर गया। वहीं, मठ लक्ष्मीपुर जाने वाली सड़क पर बारिश के चलते कच्चे मार्ग पर दलदल हो गई। इसके चलते मठलक्ष्मीपुर समेत आसपास की कालोनियों के लोगों को वहां से गुजरने में काफी दिक्कत हुई। शुक्रवार को पुराना शहर और संजयनगर क्षेत्र में बारिश नहीं हुई लेकिन हजियापुर समेत पुराना शहर के कुछ इलाकों में अब भी पानी भरा हुआ है। संजयनगर-गोपालनगर की कुछ गलियां भी अभी तक जलमग्न हैं।