बुखारपुरा समेत कई इलाकों के मुस्लिम परिवारों ने अपने दोस्तों के साथ होली खेली। होली के दिन सुबह सवेरे की बुखारपुरा निवासी चांद मियां नवाब उनके बेटे अन्नान उर्फ अन्नू और अदनान पिचकारी लेकर निकल पड़े। उन्होंने पहले मोहल्ले के ही मुकेश कुमार के यहां जाकर होली खेली। इसके बाद संसार एन्कलेब के हरिओम के घर गए। बिहारीपुर के धर्मेंद्र कुमार के साथ रंग खेलकर होली की मुबारकबाद दी। पुराने शहर में बच्चों के साथ परिवार के बड़े लोगों ने भी होली खेलते नजर आए।
रोटेरियन ने मनाया होली मिलन
बरेली। रोटरी क्लब आफ बरेली की ओर बरेली क्लब में होली मिलन समारोह का आयोजन किया। इसमें मनमोहन एंड ग्रुप की ओर से होली गीतों पर आधारित कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया। खास कर राधा कृष्ण के स्वरूपों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां से पूरा माहौल वृंदावनमय हो गया।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष विजय कृष्ण व संजीव औतार अग्रवाल ने प्रेम सौहार्द और आपसी एकता का संदेश दिया। पूर्व अध्यक्ष नरेश मलिक ने होली के भाव पक्ष पर प्रकाश डाला। बाद में क्लब के सदस्यों ने फूलों की होली खेलते हुए एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विमल अवल, मनीश गोयल, सुमित अरोरा, परीक्षित नागपाल, आत्म सरन अग्रवाल, अधीर गुप्ता मौजूद रहे।
दिग्गज नेताओं ने होली पर भी गले मिलने से किया परहेज
बरेली। सियासी मोर्चों पर आमने-सामने रहने वाले जिले के कई नेताओं ने इस बार होली पर भी गले मिलने से परहेज किया। गुलाबराय इंटर कॉलेज के मैदान में बृहस्पतिवार शाम को आयोजित होली मिलाप मेले में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन गले नहीं मिले। हालांकि संतोष से गले मिलने वालों में मेयर आईएस तोमर और आबिद खां समेत कई सपा नेता भी शामिल थे। कैंट विधायक राजेश अग्रवाल भी केंद्रीय मंत्री से होली मिले बिना लौट गए। मेयर डॉ. आईएस तोमर और डॉ. अनिल शर्मा जरूर गले मिलते दिखे।
दि हिंदू सोशल सर्विस ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस परंपरागत मेले में सपा, भाजपा, बसपा, कांग्रेस और आईएमसी के कैंप अगल-बगल में लगे हुए थे। पार्टी वाले अपने-अपने कैंप के सामने खड़े होकर आने-जाने वालों से होली मिलते रहे लेकिन एक-दूसरे के कैंप की ओर बढ़कर गले मिलने से परहेज किया। कैंट विधायक राजेश अग्रवाल तो महज पांच मिनट ही भाजपा के कैंप पर रुके। संतोष गंगवार थोड़ी दूर पर ही लोगों से गले मिल रहे थे। पूर्व सांसद ऐरन पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन के साथ कांग्रेस के कैंप पर काफी देर रुकने के बाद हर कैंप पर घूम-घूमकर होली की मुबारकबाद देते नजर आए लेकिन गंगवार से दूरी बनी रही।
सपा के कैंप से जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव के अलावा सारे विधायक भी नदारद रहे। वे मेले में नहीं पहुंचे, सिर्फ महानगर अध्यक्ष जफर बेग, डॉ. अनिल शर्मा, संजीव यादव, प्रमोद बिष्ट और हरीशंकर यादव आदि ने नेता ही डटे रहे। मेयर डॉ. तोमर घूमकर निकल गए। बसपा के कैंप में जोन कोआर्डिनेटर ब्रह्मस्वरूप सागर, जिलाध्यक्ष राजेश सागर, इंजीनियर अनीस और मोंटी शुक्ला आदि नेता देखे गए। वहीं, भाजपा के कैंप में पूर्व मेयर सुभाष पटेल, जिलाध्यक्ष रविंद्र राठौर, शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार, महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया, पुष्पेंदु शर्मा, प्रशांत पटेल, डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, पवन अरोरा, हर्षवर्धन आर्या आदि नेता नजर आए। कांग्रेस के कैंप में जिलाध्यक्ष रामदेव पांडेय, महानगर अध्यक्ष चौधरी असलम, सरदार इकबाल सिंह वाले आदि रहे। मेले का उद्घाटन डीआईजी आशुतोष कुमार ने फीताकाटकर किया। ट्रस्ट के हरिओम अग्रवाल, पूर्व मेयर राजकुमार अग्रवाल, मेला संयोजक विजय कुमार अग्रवाल,आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन शांतनु रोहतगी ने किया। मेले में रोटरी क्लब, आर्य समाज, पंजाबी महासभा, पतंजलि योग समिति, प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, समाज सेवा मंच, फ्यूचर ग्रुप, युवा सिंधी सभा,ब्राह्मण महासभा, क्रांतिकारी छात्र परिषद, राष्ट्रवादी युवा मोर्चा, शिवसेना आदि के 82 कैंप लगाए गए। कैंप प्रमुख थे। श्री त्रिवटीनाथ मंदिर कमेटी की ओर से लगाए गए कैंप पर सबका तिलक लगाकर स्वागत किया गया।