बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में दो दिन पहले विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पिता ने अपने दामाद, उसकी मां, बहन और भाई पर पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शाहजहांपुर निवासी राधेलाल ने इज्जत नगर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम को बताया कि उनकी बेटी नीतू की शादी 18 वर्ष पहले पुरुषोत्तम से हुई थी। शादी के बाद से पुरुषोत्तम, उसकी मां सोमवती, बहन संतोष और भाई सुरेंद्र उनकी बेटी का शारीरिक और मानसिक शोषण कर रहे थे। वे अक्सर उसे डंडों से पीटते थे और जान से मारने की धमकी देते थे।
राधेलाल ने बताया कि पांच जुलाई को पुरुषोत्तम ने नीतू को गलत दवा खिला दी। सुबह 10 बजे पुरुषोत्तम ने राधेलाल के बेटे को फोन कर बताया कि उनकी बेटी को दवा का रिएक्शन हो गया है और उसकी तबीयत खराब है। जब परिवार के लोग ससुराल पहुंचे, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मौके पर पुलिस भी मौजूद थी।
आसपास के लोगों ने राधेलाल को बताया कि पुरुषोत्तम आए दिन शराब पीकर उनकी बेटी की पिटाई करता था। राधेलाल से शक जताया कि पुरुषोत्तम, सोमवती, संतोष और सुरेंद्र ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या की है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि मामला दर्ज करके जांच की जा रही है।