फतेहगंज पूर्वी। फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव रमपुरिया निवासी प्रेमपाल की मौत के मामले में उनकी पत्नी व तीन ससुरालियों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रेमपाल का शव रविवार को द्वारिकेश चीनी मिल के पीछे रेलवे लाइन के किनारे मिला था। प्रेमपाल के छोटे भाई ओमेंद्र ने मारपीट कर भाई के शव को रेलवे लाइन किनारे फेंकने का आरोप लगाया।
ओमेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई प्रेमपाल भाईदूज पर अपनी पत्नी लक्ष्मी के साथ ससुराल गांव ढडूली गया था। आरोप है कि वहां लक्ष्मी, उसके पिता मुन्नालाल, भाई अमरेश व रोहित ने प्रेमपाल के साथ मारपीट की। उन्होंने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया। गंभीर चोटों के कारण प्रेमपाल की मौत हो गई। इसके बाद ससुराल वाले उनके शव को रेलवे लाइन के किनारे फेंक कर चले गए। ओमेंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि प्रेमपाल के ससुराल वाले पहले भी उसे जान से मारने की धमकी देते थे।
ओमेंद्र ने 16 तारीख को थाने में तहरीर दी थी। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने एसएसपी बरेली को प्रार्थना पत्र दिया।
सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मृतक की पत्नी और ससुराल वालों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।