नवाबगंज। बीजामऊ मार्ग के पास मोहल्ला चाणक्युपरी में आखिरकार छह माह बाद डीएम के आदेश के बाद रास्ते से नगर पालिका ने मलबा को हटवा दिया है। हालांकि इससे पूर्व नगर पालिका कर्मियों और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच नोकझोंक हुई। अब दूसरे पक्ष के लोगों ने थाने में शुक्रवार को तहरीर दी है।
कस्बे के मोहल्ला चाणक्यपुरी निवासी रजनी सिंह ने बीते छह माह पहले नगर पालिका से शिकायत की थी कि मोहल्ले के ही व्यक्ति व अन्य लोगों ने सरकारी रास्ते पर अवैध कब्जा कर निर्माण करा लिया था, जो भुता व अन्य मार्गों को जोड़ता है। पीड़िता की शिकायत पर राजस्व टीम ने जांच के बाद पालिका कर्मियों की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया था , लेकिन मलबा उसी जगह पर पड़ा रहा। संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत मिलने के बाद डीएम के आदेश पर नगर पालिका से सफाई नायक अमर सिंह, लिपिक धीरेंद्र आदि पहुंचे, जिन्होंने नोकझोंक के बाद मलबे को हटवा दिया। इससे राहगीरों ने राहत की सांस ली। उनका कहना था कि वे छह माह से परेशान थे। मार्ग में मलबा होने से आवागमन में परेशानी हो रही थी। संवाद
अधिकारियों पर सांठगांठ करने का लगाया आरोप
शोभाराम की पत्नी नन्ही देवी ने थाना नवाबगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि अधिकारियों से सांठगांठ कर उनके मकान के पास से मलबा हटाया गया है।
-
डीएम के आदेश पर पालिका की टीम ने पुलिस की मौजदूगी में रास्ते से मलबा हटवाया है। दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की जाएगी। -उदित पंवार, एसडीएम
सरकारी जमीन से कब्जा हटवाकर रास्ते का निर्माण कराया शुरू
मीरगंज। तहसील क्षेत्र के गांव धनेली में सरकारी जमीन से राजस्व एवं पुलिस टीम ने अवैध कब्जा हटवा दिया है। अब ग्राम प्रधान ने रास्ते का निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। गांव धनेली में गाटा संख्या 615 सरकारी अभिलेखों में बंजर भूमि दर्ज हैं, जिस पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर सरसों की फसल लगाई थी। ग्राम प्रधान मजार पर जाने के लिए रास्ता बनाना चाहता थे, लेकिन दबंग कब्जा छोड़ने को तैयार नहीं थे।
ग्राम प्रधान धनेली इमदाद खां ने एसडीएम से शिकायत की तो बृहस्पतिवार को दोपहर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम पहुंची और कब्जे को हटवाया। संवाद