बरेली। शहरवासियों की सुविधा को बढ़ाने के लिए मंगलवार को 15वें वित्त आयोग की टाइड और अनटाइड ग्रांट से विकास कार्य कराए जाएंगे। 15वें वित्त आयोग की बैठक में सड़क, नाली और नालों के निर्माण पर करीब 57 करोड़ रुपये खर्च को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही सीवर मैनहोल की सफाई अब रोबोटिक मशीनों से कराई जाएगी।
15वें वित्त आयोग की बैठक महापौर उमेश गौतम की अध्यक्षता में हुई। महापौर ने बताया कि सीवर मैनहॉल की सुरक्षित सफाई के लिए रोबोट वाली 8 मशीनें खरीदी गई हैं, जिससे सफाई कर्मचारियों को मैनहॉल में उतरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह व्यवस्था जल्द लागू की जाएगी। इसके अलावा शहर के दो प्रमुख पार्कों के सौंदर्यीकरण पर 7.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। गांधी उद्यान, पशुपतिनाथ मंदिर के पार्कों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। झूले लगेंगे और बच्चों लेकर बुजुर्ग, महिला आदि की सुविधाओं के लिए काम किए जाएंगे। वहीं मलिन बस्तियों में पानी, सीवर और स्ट्रीट लाइट जैसे मूलभूत कार्य 100 प्रतिशत कराए जाने का लक्ष्य तय किया गया है।
वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण और संचालन पर 3.15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए सीएमओ और सीएचसी प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे, ताकि व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा सके। बैठक में मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी, एक्सईएन राजीव कुमार राठी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संवाद