बरेली। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य बुधवार को अचानक बाकरगंज के लीगेसी प्लांट में कूड़ा निस्तारण देखने पहुंचे। वहां शहरभर से कूड़ा लेकर गाड़ियां वहां पहुंच रहीं थीं। कूड़े को ढका नहीं गया था। नगर आयुक्त ने देखा तो आपत्ति जताते हुए इस पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी तलब किया है।
नगर आयुक्त ने देखा कि जो गाड़ियां आ रही हैं, उसमें कई ऐसी भी हैं, जो रास्ते में कूड़ा गिराते हुए आती हैं। उनमें कूड़ा तिरपाल से ढका नहीं होता। मौके पर पोकलेन मशीनें भी खराब मिलीं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति अच्छी नहीं है। बाकरगंज में आबादी के बीच कूड़े के पहाड़ हैं। लीगेसी प्लांट बनाया गया है। आसपास रहने वाले लोग बदबू और गंदगी से परेशान हो रहे हैं। नगर आयुक्त तक इसकी शिकायत पहुंची थी। इसी के बाद नगर आयुक्त मौके पर पहुंचे थे। वहां प्लांट का औचक निरीक्षण किया। मौके की स्थिति ठीक नहीं मिलने पर पर्यावरण अभियंता को कार्रवाई के आदेश दिए। कहा कि मशीनें लगाकर लीगेसी प्लांट की क्षमता बढ़ाई जाए। अमर उजाला ब्यूरो