पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके दोनों मामा ने उसे वहां एक बार में लगवा दिया। बार में लोग शराब पीने आते थे, उसे उनके सामने अश्लील डांस करना पड़ता था। इनकार करने पर दोनों मामा मारपीट करते थे। बार से मिलने वाला पैसा भी छीन लेते थे। इसी पैसे में से कुछ रकम उसकी मां के अकाउंट में ट्रांसफर करते थे।
नर्क बना दी जिंदगी, दुबई में बेचना चाहते थे
युवती की ओर से दर्ज रिपोर्ट में जिक्र है कि उसकी अपनी मां और रिश्तेदारों ने उसकी जिंदगी नर्क से बदतर बना दी। अब उससे यह सब बर्दाश्त नहीं होता। उसने आरोप लगाया कि उसकी मां, मौसा, मौसी और मामा दुबई के किसी आदमी को उसे बेचने को कोशिश में लगे हैं। उसने लिखा है कि उसके सांविधानिक और मौलिक अधिकारों की रक्षा की जाए।
पैसे लेकर पुलिस ने मां के ही सुपुर्द कर दिया
पीड़िता ने एसएसपी को बताया कि उसने मुंबई भेजे जाने से पहले एक दिन चुपचाप जाकर मढ़ीनाथ पुलिस चौकी पर अपनी मां, मौसी और मौसा के खिलाफ शिकायत की थी। पुलिस वालों ने इसके बाद उसकी मां को चौकी पर बुलाया। उससे मोटा पैसा लेने के बाद उसे उसकी मां के ही सुपुर्द कर दिया। इसी के बाद उसकी मां ने उसे मुंबई भेज दिया। एसएसपी के आदेश पर अब सुभाषनगर पुलिस ने पीड़िता की मां, मौसा, मौसी और दोनों मामाओं के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। युवती फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में है। उसने मां के पास जाने से साफ मना कर दिया है।
फोन पर बोली- पैसा मिल रहा है, सबकुछ करना पड़ेगा
युवती ने बताया कि उसने कई बार अपनी मां को फोन कर मुंबई में अपने साथ हो रहे अमानवीय व्यवहार के बारे में बताया। उसकी मां ने उसकी एक नहीं सुनी, उससे कहा कि पैसे तो मिल रहे हैं, तू सब-कुछ करेगी। युवती ने बताया कि उसकी मां ने ऐसा कई बार कहा जिसकी कॉल रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है।
एसएसपी ऑफिस पहुंची मां माहौल देखकर खिसकी
बेटी के मुंबई से गायब होने और परिवार के खिलाफ जाने का अहसास होने पर मां ने उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराने का पैंतरा खेला। वह सोमवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची थी। तब उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसकी बेटी यहां पहले ही आकर उसके समेत सभी रिश्तेदारों की पोल खोल चुकी है। एसएसपी ऑफिस में मौजूद सीओ प्रथम श्वेता यादव ने उससे बातचीत की। इसमें महिला ने कई मनगढ़ंत बातें बताईं और कहा कि बेटी जहां शादी करना चाहती है, वहां करा देंगे। बाद में महिला को बेटी के यहां पहले से होने की जानकारी दी तो वह तिलमिला गई। फिर पुलिस ने उससे सुभाष नगर थाने जाने को कहा, महिला वहां से निकली पर सुभाषनगर थाने नहीं पहुंची।