मां से थे अवैध प्रेम संबंध, बेटी पर भी रखने लगा था गलत निगाह
बरेली। किला छावनी निवासी माली पंकज मौर्य हत्याकांड का रविवार को खुलासा हो गया। पुलिस के मुताबिक पंकज के एक महिला से प्रेम संबंध थे लेकिन कुछ समय से उसने उसकी बेटी को भी बरगलाना शुरू कर दिया था। इस पर महिला ने ही अपने बेटे के साथ उसकी हत्या कर शव नदी में फेंक दिया था। हत्या का जुर्म कबूल करने के बाद आरोपी मां-बेटे को जेल भेज दिया गया।
पंकज मौर्य दो अक्तूबर को लापता हो गया था। चार अक्टूबर को उसका शव किला नदी से बरामद हुआ। पोस्टमार्टम में उसकी गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पंकज के पिता हरिप्रसाद ने एक महिला और उसके दोनों बेटे के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
इंस्पेक्टर किला अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि पंकज का आरोपी महिला के घर आना-जाना था। अक्सर वहां रुक जाता था। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसके पति की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। उसके दो बेटे और एक बेटी है। कुछ समय से पंकज उसकी बेटी पर गलत निगाह रखने लगा था। एक दिन उसने उसी से उसकी बेटी से मोहब्बत होने की कही तो वह बर्दाश्त नहीं कर सकी। एक अक्तूबर की रात को पंकज शराब पीकर घर आया तो उसने अपने एक बेटे के साथ पहले उसकी पिटाई की फिर गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद रात में ही ठेले पर शव ले जाकर किला नदी में फेंक दिया।