18-19 वर्ष के नए और दिव्यांग वोटर घटे, फिर बढ़े
एसआईआर से पहले 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 46,631 मतदाता थे। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 28,912 थी। ड्राफ्ट सूची में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या घटकर 9,079 रह गई, जबकि दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 24,657 दर्ज की गई। अप्रैल के आंकड़ों में 18 से 19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या बढ़कर 50,281 और दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 25,742 हो गई।
कहां, कितने वोटों से हुई जीत-हार और कितने घटे मतदाता
पूर्व की ड्राफ्ट की सूचना की अनुसार सबसे ज्यादा 165207 मतदाताओं की कमी बरेली शहर विधानसभा क्षेत्र में दर्ज की गई। यहां 2022 के चुनाव में हार-जीत 32, 320 वोटों के अंतर हुई थी। बरेली कैंट में 134345 मतदाता कम हुए, जबकि यहां जीत का अंतर 10,768 वोटों का था। फरीदपुर में 69,329 मतदाताओं की कमी दर्ज हुई, जबकि चुनाव में महज 2,921 वोटों से जीत-हार का फैसला हुआ था।
बहेड़ी में 58,997, भोजीपुरा में 65,043 और नवाबगंज में 48,874 मतदाताओं की कमी दर्ज हुई। इन सीटों पर हार-जीत का अंतर क्रमशः 3,355, 9,409 और 9,237 वोटों का था। मीरगंज में 47,428, बिथरी चैनपुर में 77,506, आंवला में 48,024 मतदाता कम हुए। इन सीटों पर जीत का अंतर क्रमशः 32,480, 15,841 और 18,424 वोटों का रहा।
विशेषज्ञ की राय
बरेली कॉलेज के राजनीति शास्त्र की प्रो. वंदना शर्मा ने कहा कि आंकड़ों के मुताबिक, विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर के प्रारूप में कम मतदाताओं की संख्या 2022 के चुनाव में जीत के अंतर से अधिक है। हालांकि, मतदाता सूची में संख्या की कमी को चुनावी वोटों के नुकसान या किसी दल के पक्ष-विपक्ष में पड़े मतों के रूप में नहीं देखा जा सकता। एसआईआर में नामों का सत्यापन, मैपिंग, दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया अलग है।