राजेंद्रनगर की हवा में बढ़ा प्रदूषण, एक्यूआई सवा सौ पार
शहर में दिवाली के बाद फिर हवा की गुणवत्ता प्रभावित होने लगी है। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार राजेंद्रनगर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 130 दर्ज हुआ, जो सामान्य से अधिक है। सिविल लाइंस में यह 71 रहा। एक्यूआई के मानकों के अनुसार 0 से 50 तक हवा अच्छी, 51 से 100 तक संतोषजनक और 101 से 200 तक मध्यम श्रेणी में मानी जाती है।
इस लिहाज से सिविल लाइंस की हवा संतोषजनक श्रेणी में रही, जबकि राजेंद्रनगर का एक्यूआई मध्यम श्रेणी में दर्ज हुआ। मध्यम श्रेणी की हवा से सांस और फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित लोगों को परेशानी हो सकती है। क्षेत्रीय अधिकारी चंद्रेश कुमार के मुताबिक, धूल उड़ने से हल्की धुंध की स्थिति रही। हवा की गति तेज होने पर इसके साफ होने की उम्मीद है।