बरेली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज में केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार से सीसी कैमरों के जरिये केंद्रों की निगरानी शुरू कर दी जाएगी। दो दिन बाद केंद्रों का निरीक्षण भी शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि वहां डबल लॉक अलमारी और सीसी कैमरों की सक्रिय निगरानी अनिवार्य है। किसी भी अधिकारी को स्ट्रांग रूम के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. गिरीश चंद्र यादव ने भी परीक्षा प्रबंधन को लेकर केंद्र व्यवस्थापकों का मार्गदर्शन किया। एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य तौकीर सिद्दीकी, डॉ. मेहंदी हसन, फरहान अहमद सैफी, आकिल यार खान, अनवर अली रिजवी, जाकिर अकबर, मोहम्मद राशिद खान आदि मौजूद रहे। संवाद