इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज भेजने वाले पर रिपोर्ट
मीरगंज थाना क्षेत्र की युवती ने अश्लील मैसेज भेजने वाले अज्ञात के खिलाफ मीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी तय हो चुकी है। किसी ने सोशल मीडिया से उसके फोटो चोरी कर उसके नाम से फर्जी आईडी बनाकर उसके फोटो लगाकर उस पर अश्लील मैसेज लिखकर डाल दिया है।
इससे समाज में उसकी बदनामी हो रही है। पीड़िता मीरगंज थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष मीरगंज प्रयागराज सिंह ने बताया कि आरोपी के मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है। शीघ्र ही गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
छात्र ने लड़की का फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर डाला
भोजीपुरा क्षेत्र के एक गांव निवासी लड़की का फोटो एडिट कर छात्र ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ भोजीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। क्षेत्र के एक गांव निवासी लड़की का शरीफ नगर थाना शेरगढ़ हाल निवासी जोगी नवादा थाना बारादरी निवासी अभिषेक मौर्य को किसी तरह मोबाइल नंबर मिल गया।
छात्र ने लड़की का फोटो एडिट कर पहले लड़की की इंस्टाग्राम आईडी पर भेजा। इसके बाद सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्मों पर वायरल कर दिया। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा प्रवीन सोलंकी ने बताया कि संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।