फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी की रैली- सेना के प्लेन और हेलीकाप्टर ने किया ट्रायल

Sat, 27 Feb 2016 01:34 AM IST
बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। रविवार को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसान कल्याण रैली के लिए भाजपा के कई बड़े नेताओं ने बरेली में डेरा डाल लिया है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी शुक्रवार को यहां पहुंच गए।
विज्ञापन

 माथुर ने संजयनगर स्थित पार्टी कार्यालय पर बुलाई प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक में रैली की तैयारियों की समीक्षा की और शाम को  रैली स्थल का मुआयना भी किया। उन्होंने मोदी के मंच के पास बनाए गए वीआईपी मंच का आकार बढ़ाने को कहा ताकि उसमें ज्यादा नेता बैठ सकें। इस मंच पर 20-25 नेताओं के बैठने की व्यवस्था अब तक की गई थी, जिसे बढ़ाकर 50 के बैठने लायक करने को कहा गया। रैली स्थल पर बड़ी एलईडी लगाने के भी निर्देश दिए। उनके साथ सुनील बंसल और केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री संतोष गंगवार, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कटारिया, करन सिंह पटेल, प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रवक्ता विजय पाठक और करन सिंह पटेल भी थे। प्रदेश अध्यक्ष वाजपेयी ने भी पार्टी नेताओं से रैली की तैयारियों की जानकारी ली। वह शनिवार को रैली स्थल पर जाएंगे।

पांच लाख से ज्यादा भीड़ का लक्ष्य
बरेली। भाजपा ने किसान कल्याण रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए पांच लाख से ज्यादा भीड़ का लक्ष्य बनाया है, इसीलिए रैली स्थल पर आठ लाख लोगों के बैठने का इंतजाम किया गया है। भीड़ जुटाने के लिए नेता और कार्यकर्ता जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। शुक्रवार को कालीबाड़ी मंडल की ओर से निकाली गई मोटर साइकिल रैली में कैंट विधायक राजेश अग्रवाल ने भी ज्यादा से ज्यादा लोगों से मोदी रैली में पहुंचने की अपील की। तिलक इंटर कॉलेज से युवा मोर्चा के रोड शो को केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री संतोष गंगवार ने रवाना किया। कैंट और मढ़ीनाथ मंडल इकाई की ओर से भी रैली निकाली गई। इसमें महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया शामिल रहे। मीरगंज विधानसभा में पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में रैली निकाली गई। पार्टी नेत्री तेजेश्वरी सिंह ने कई गांवों में जनसंपर्क करके लोगों से मोदी रैली में शामिल होने की अपील की। फरीदपुर में पार्टी नेता अनिल राणा के निवास पर हुई बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कटारिया, पूर्व मेयर सुभाष पटेल ने तैयारियों को परखा। वहीं, डॉ. श्याम बिहारी लाल और छोटेलाल ने, भोजीपुरा में प्रशांत पटेल ने जनसंपर्क किया।
विज्ञापन

 
बरेली। रैली के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो गई हैं। सेना के वायुयान और हेलीकाप्टरों ने त्रिशूल एयरबेस और उसके बाद रबर फैक्ट्री में रैली स्थल का ट्रायल लिया। इस दौरान हेलीपेड, मंच आदि में एसपीजी ने कुछ खामियां बताईं, जिनको प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल सुधरवा दिया। ट्रायल के दौरान सुरक्षा से जुड़े वही चुनिंदा अधिकारी और सुरक्षा कर्मी रहे, जिनको रैली के दौरान तैनात किया गया है। ट्रायल में करीब 50 वाहनों का काफिला रहा।
एसपीजी के आईजी, डीआईजी और बरेली रेंज के डीआईजी, डीएम, एसएसपी शुक्रवार को दोपहर 12 बजे ही रबर फैक्टरी ग्राउंड में पहुंच गए थे लेकिन पीएम के दो हेलीकाप्टर ट्रायल के लिए करीब एक बजे त्रिशूल एयरबेस पहुंचे। उनके बाद वायु सेना का हेलीकाप्टर आया। उसी के बाद करीब दो बजे त्रिशूल एयरबेस से हेलीकाप्टर फतेहगंज पश्चिमी स्थित एयरबेस पहुंचा। जो कि करीब बीस मिनट तक रुका। इससे पहले हेलीकाप्टर हेलीपैड से कुछ हटकर लैंड कर पाए। त्रिशूल के तकनीकी स्टाफ और एसपीजी अफसरों के बीच कुछ देर बातचीत भी हुई। आसमान में हेलीकाप्टरों को मंडराते देख कस्बे और आसपास गांवों के लोगों की रैली स्थल पर भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस का अमला भीड़ को काफी मुश्किल से नियंत्रित कर पाया।

आज से त्रिशूल में प्रवेश पर रोक
प्रधानमंत्री के दौरे के कारण वायु सेना के अधिकारियों ने त्रिशूल एयरबेस परिसर में लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। अंदर और बाहर होने वाले निर्माण पीएम के दौरे तक रोक दिए गए हैं। यहां तक कि गेट और आसपास के इलाकों में अस्थायी तोर पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। रात में पुलिस के साथ वायु सेना के अधिकारियों की पेट्रोलिंग और बढ़ा दी गई है। जिस स्थान पर बाउंड्रीवाल का निर्माण हो रहा है, वहां पर वायु सेना और पुलिस की तैनाती कर दी है।

लखनऊ और दिल्ली से होगी सुरक्षा की मॉनीटरिंग
दिल्ली में पीएमओ का सुरक्षा सेल बरेली की किसान कल्याण रैली की समीक्षा करेगा। इसके लिए रैली स्थल के सीसीटीवी कैमरे और सेटेलाइट चैनल के माध्यम से सीधे देख सकेंगे। जरूरत के अनुसार वहीं से एसपीजी सुरक्षा कर्मियों को निर्देश भी मिलेंगे। इसी तरह की व्यवस्था लखनऊ में प्रमुख सचिव (गृह) के लिए की गई है।

गृहमंत्री अगवानी करेंगे
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह प्रधानमंत्री की अगवानी के लिए हेलीकाप्टर से रविवार सुबह 11 बजे त्रिशूल एयरबेस पर आ जाएंगे। वह शाम को चार बजे बीएसएफ के हेलीकाप्टर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। रैली में शामिल होने के लिए केंद्रीय किसान कल्याण राज्य मंत्री शनिवार की रात बरेली आ जाएंगे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें