बरेली। फरीदपुर स्थित सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के निरीक्षण भवन में होने वाली सिंचाई बंधु की बैठक में मंगलवार को विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बहोरन लाल मौर्य तो समय से पहुंच गए मगर, कोई अफसर आया ही नहीं। करीब आधे घंटे इंतजार करने के बाद नाराज एमएलसी बैठक छोड़कर चले गए।
बैठक पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होनी थी। एमएलसी बहोरन लाल मौर्य समय से पहुंच गए। करीब आधे घंटे तक वह और अन्य लोग इंतजार करते रहे, मगर सिंचाई विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं आया। इस पर एमएलसी ने डीएम अविनाश सिंह और प्रभारी सीडीओ चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव को कॉल करके नाराजगी जताई।
इसके बाद करीब पौने 12 बजे एक सहायक अभियंता (एई) और एक अवर अभियंता (जेई) बैठक में पहुंचे। किसी बड़े अफसर के न आने से नाराज एमएलसी ने इसके बाद बैठक छोड़ दी।
आमने-सामने
शासन को कराएंगे अवगत
एमएलसी बहोरन लाल मौर्य ने कहा कि बैठक का आयोजन बाढ़ से बचाव और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए किया गया था। पूर्व सूचना के बाद भी बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति घोर लापरवाही है। यह उनकी कार्यप्रणाली को भी दर्शाता है। वह इस मामले की लिखित शिकायत शासन को भेजेंगे।
समय से पहले पहुंच गए एमएलसी
इस मामले में जब रुहेलखंड नहर खंड के एक्सईएन सर्वेश सिन्हा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मैं विभागीय कार्य के चलते मंगलवार को शहर से बाहर था। बैठक में एई को प्रतिभाग करने के लिए लिखित रूप से नामित किया था। एमएलसी निर्धारित समय से पहले ही बैठक में पहुंच गए। मैंने एई से बात की तो उन्होंने बताया कि वह समय पर बैठक में उपस्थित हुए थे। जिस समय एई पहुंचे, उस समय तक कोई किसान भी नहीं आया था।
वर्जन :
एमएलसी ने कॉल करके बैठक में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के उपस्थित न होने पर नाराजगी जाहिर की है। पता चला है कि रुहेलखंड नहर खंड के एक्सईएन लखनऊ गए थे, हालांकि उनकी अनुपस्थिति में किसी अन्य अधिकारी को समय से बैठक में पहुंचना चाहिए था। मामले में अग्रिम कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी गई है। - चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, प्रभारी सीडीओ