विकास के वादे करने में दरियादिली दिखाने वाले ‘माननीय’ अपनी निधि खर्च करने में उतने ही फिसड्डी हैं। अपने कार्यकाल के पहले साल में ही सभी विधायक और एमएलसी मिलकर केवल 44.355 लाख की निधि ही खर्च सके हैं। जबकि प्रत्येक विधायक को हर वर्ष विकास कार्यों पर खर्च करने के लिए डेढ़ करोड़ का फंड मिलता है। विधायकों की कंजूसी से उनकी क्षेत्र के विकास के तमाम छोटे-बड़े काम भी अटके हुए हैं।
विधायक हर वर्ष एक करोड़ निधि से क्षेत्र में हर वर्ष खड़ंजा, डामर व सीसी रोड, नाली निर्माण, बिजली सुधार, शवदाहगृह निर्माण सहित कई कार्य करा सकते हैं। जबकि उन्होंनेे कार्यकाल के पहले ही साल में निधि खर्च करने में कोई दिलचस्पी ली। इसमें कैंट से विधायक और वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल भी शामिल हैं। उनकी निधि का सालभर में केवल 3.700 लाख रुपये का खर्चा हो सका है। निधि का सर्वाधिक व्यय करने वाले विधायक मीरगंज के डॉ. डीसी वर्मा के खर्च का आंकड़ा भी सिर्फ 16 लाख ही है। 11 लाख खर्च करके एमएलसी संजय मिश्रा का नाम दूसरे नंबर पर है। नवाबगंज के केसर सिंह, बिथरी से राजेश कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल और भोजीपुरा सये बहोरन लाल मौर्य के कई प्रस्तावों पर बजट की मंजूरी तो मिली है, लेकिन उनकी निधि के खर्च का खाता अब तक खाली ही है।
पहले जीएसटी और फिर ई-टेंडरिंग से अटके काम
-करोड़ों की निधि खर्च न होने में विधायकों के अनदेखी तो है ही लेकिन जीएसटी और ई-टेंडरिंग भी इसके लिए कम बड़ी वजह नहीं रहे। इस वर्ष जीएसटी लागू होने से रोड निर्माण के लिए लोनिवि के रेट रिवाइज होने थे। इसमें काफी विलंब हुआ, जिसकी वजह से विधायकों ने रोड निर्माण के लिए प्रस्ताव देने में हाथ तंग रखे तो उधर, कांट्रेक्टर भी ठेके लेने से किनारा करते रहे। बाद में सड़क निर्माण के ई-टेंडरिंग व्यवस्था लागू हो गई। इस सिस्टम को समझने में भी अधिकारियों से लेकर कांट्रेक्टरों को काफी माथापच्ची करने पड़ी। ऐसे में विधायक निधि के जो थोड़े-बहुत काम स्वीकृत हुए भी, तो उनकी भी अभी बड़ी धनराशि खर्च होनी बाकी है।
साल के अंत में प्रस्तावों की आ रही बाढ़
-कुर्सी संभालने के बाद विकास कार्यों से मुंह फेरे रहे विधायकों ने वित्तीय साल के अंत में एकाएक तेजी दिखानी शुरू कर दी है। डीआरडीए कार्यालय में इन दिनों तमाम विधायकों के सड़क व नाली निर्माण के लिए प्रस्तावों की बाढ़ आ रही है। इनकी जांच और डीपीआर बनाने से लेकर बजट मंजूर होने में अभी काफी वक्त लगेगा। ऐसे में इन कार्यों के मौजूदा वित्तीय साल में शुरू होने के आसार भी कम ही हैं।
वर्ष 2017-18 में विधायक निधि के खर्च का ब्योरा (लाख में )
विधायक कार्य स्वीकृत रकम खर्चा
राजेश अग्रवाल 11 45.264 3.700
डॉ. अरुन कुमार 4 13.440 1.014
संजय कुमार मिश्रा 3 15.00 11.00
जयपाल सिंह 2 8.00 4.400
वसीम बरेलवी 4 7.300 7.300
केसर सिंह 6 15.772 शून्य
डॉ. डीसी वर्मा 5 31.762 16.941
राजेश कुमार 6 27.708 शून्य
बहोरन लाल मौर्य 5 42.766 शून्य
------------------------------------------------
कुल 46 207.012 44.355