केरोसिन डालकर जिंदा जलाने की कोशिश का भी आरोप, कोतवाली में रिपोर्ट
बरेली। निकाह का झांसा देकर होटल में दुष्कर्म करने और परिवारवालों की मदद से केरोसिन डालकर जिंदा जलाने की कोशिश के आरोप में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
युवती के मुताबिक पड़ोस के ताबिश उर्फ मून ने उसे निकाह का झांसा देकर 12 मार्च 2020 को सिविल लाइंस स्थित होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। कई बार ऐसा करने के बाद तीन जनवरी को ताबिश ने उसे फोन करके पवन बिहार बुलाया। वहां ताबिश, उसका भाई राकिम, पिता नाजिम हुसैन के साथ दो अन्य लोग मौजूद थे। इस दौरान ताबिश के भाई राकिम ने कहा कि आज दोनों का निकाह है। उसने माता-पिता के बिना निकाह करने से मना किया तो नशा सुंघाकर बेहोश कर दिया। फिर कार से उसी होटल में ले जाकर कहा कि मौलाना आकर निकाह कराएंगे। शाम को ताबिश उसे अपने घर ले गया और तमंचा दिखाकर मारपीट की। परिवार वालों ने उसके ऊपर केरोसिन डालकर जलाने की कोशिश की। चीख पुकार सुनकर पहुंचे उसके परिवारवालों ने बचाया। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।