मामले की जानकारी करतीं मनु नीरज।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
महिला जागृति मंच की शिकायत पर पुलिस ने हिरासत में लिया
नवाबगंज। बीवी की मौत के बाद तीन बच्चों के पिता ने साली का अपहरण कर लिया। कुछ दिन इधर-उधर रहने के बाद साली को अपने घर ले आया और साथ रखने लगा। मामले की जानकारी जब पड़ोसियों को हुई तो उन्होंने इसकी सूचना महिला जागृति मंच और पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस जीजा-साली को पकड़कर कोतवाली ले आई।
कस्बे से सटे एक गांव में एक युवक की बीवी की दो महीने पहले मौत हो गई थी। उसके तीन बच्चे हैं। बीवी की मौत के कुछ समय बाद ही वह अपनी नाबालिग साली का अपहरण कर ले गया था। कुछ दिन इधर-उधर रहने के बाद वह लौट आया और साली को अपने घर में रखने लगा। जब पड़ोसियों को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी सूचना महिला जागृति मंच की अध्यक्ष डॉ. मनु नीरज और पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक और उसकी साली को पकड़कर थाने ले आई। साली ने पुलिस को बताया कि बहन ने मरने से पहले उससे बच्चों का ध्यान रखने के लिए कहा था, इसलिए वह जीजा से निकाह करना चाहती है। हालांकि लड़की का पिता इसके लिए राजी नहीं है। वह लड़की को नाबालिग बता रहा है। मामले में देर रात पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
जब शादी हो गई तब पहुंची चाइल्ड लाइन की टीम
दूसरा मामला इलाके के ही एक गांव का है। यहां के ग्रामीणों ने एक नाबालिग लड़की की शादी करने की सूचना चाइल्ड लाइन को दी थी, लेकिन चाइल्ड लाइन की टीम शाम तक मौके पर नहीं पहुंची। हालांकि पुलिस के साथ पहुंचीं डॉ. मनु नीरज ने लड़की का आधार कार्ड देखा तो वह बालिग निकली। ग्रामीणों का कहना है कि परिजन ने नाबालिग लड़की की बड़ी बहन का आधार कार्ड दिखा दिया।