लखनऊ से बरेली लौट रहे थे मंत्री छत्रपाल गंगवार, दो थानों की पुलिस निकलवाने में जुटी रही
विज्ञापन
दोपहर को दो घंटे तो शाम से रात तक लगा रहा जाम, आधी रात के बाद खुलने की उम्मीद
फतेहगंज पूर्वी। लखनऊ हाईवे पर हुलासनगरा क्रॉसिंग पर रविवार शाम को भी जाम लगा रहा, जो देर रात तक नहीं खुल सका। दोपहर के वक्त दो घंटे लगे जाम में लखनऊ से लौट रहे मंत्री छत्रपाल गंगवार का काफिला भी दस मिनट तक फंसा रहा। फतेहगंज पूर्वी और मीरानपुर कटरा थाने की पुलिस ने ट्रैफिक रोककर उनका काफिला जैसे तैसे निकाला।
लखनऊ हाईवे पर रविवार दोपहर करीब 11 से एक बजे तक जाम लगा रहा। करीब 12 बजे मंत्री छत्रपाल गंगवार का काफिला भी हुलासनगरा क्रॉसिंग से गुजरा तो जाम में फंस गया। इसके बाद दो थानों की पुलिस को मंत्री का काफिला निकालने में लगाया गया। इस दौरान मंत्री दस मिनट तक जाम में फंसे रहे। दो घंटे जाम के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया, लेकिन शाम छह बजे ट्रेनों के गुजरने का दौर शुरू हुआ तो फिर जाम लगना शुरू हो गया और हाईवे पर क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस बीच तेज बारिश होने से हाईवे पर गड्ढों में पानी भरने से हालात और भीषण हो गए। देर रात तक हाईवे पर वाहन रेंगते रहे। पुलिस ने आधी रात बाद जाम से राहत मिलने की उम्मीद जताई है।