पूर्वी और पश्चिमी दोनों गेट पर मौजूद रहेंगे शिक्षक, पहचान के बाद ही मिलेगा प्रवेश
पढ़ाए गए सिलेबस से ही पूछे जाएंगे प्रश्न, बहु विकल्पीय नहीं लघु उत्तरीय होंगे प्रश्न
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में चल रही मिड टर्म परीक्षा के क्रम में बृहस्पतिवार से बरेली कॉलेज में भी परीक्षा शुरू होंगी। इसके लिए परीक्षा समिति ने सारी तैयारियां कर ली हैं। परीक्षार्थियों को आधे घंटे पहले कॉलेज पहुंचना होगा, ताकि उनके आईडी कार्ड, फीस रसीद से फोटो का मिलान किया जा सके। अगर कोई देर से पहुंचता है तो उसकी जांच पड़ताल के चलते परीक्षा छूटने की आशंका है।
बरेली कॉलेज में बृहस्पतिवार से शुरू हो रही स्नातक मिड टर्म सेमेस्टर परीक्षा के लिए कॉलेज प्रशासन ने दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत विद्यार्थियों को पेन, पेंसिल के अलावा अन्य किसी सामग्री के साथ परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बरेली कॉलेज में सर्वाधिक परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे, ऐसे में दोनों गेट से प्रवेश दिया जाएगा। मगर, इस दौरान मौजूद निरीक्षक पूरी तरह जांच पड़ताल के बाद ही प्रवेश की अनुमति देंगे। परीक्षा न्यू एग्जामिनेशन हॉल के ब्लॉक ए, बी और सी में होगी।
समन्वयक डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराना प्राथमिकता है। एक ही स्थान पर सभी परीक्षार्थियों की परीक्षा होने से जांच में आसानी रहेगी। परीक्षा का समय कम है। ऐसे में अगर कोई विद्यार्थी नकल करेगा तो वह पूरा पेपर हल ही नहीं कर पाएगा। कॉलेज का आंतरिक सचल दल कक्ष की निगरानी करता रहेगा। कोई विद्यार्थी प्रतिबंधित सामग्री के साथ या नकल करते मिलेगा तो कार्रवाई होगी।
कक्षा के नोट्स अगर पढ़ें हैं तो घबराएं नहीं
समन्वयक के अनुसार पहली बार नई शिक्षा नीति के तहत परीक्षा कराई जा रही है। ऐसे में स्नातक की कक्षाएं में पढ़ाए गए कोर्स से ही सवाल पूछे जाएंगे। जिन विद्यार्थियों ने कक्षा में सही तरीके से पढ़ाई की है और घर पर रिवीजन किया है, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं। सवाल लघु उत्तरीय रहेंगे। ताकि विद्यार्थी उसका जवाब आसानी से दे सकें। परीक्षा की अवधि एक घंटा रहेगी, इसलिए सवालों की संख्या भी काफी कम होगी।
बरेली कॉलेज मिड टर्म परीक्षा का कार्यक्रम
तिथि प्रथम पाली द्वितीय पाली तृतीय पाली
25 नवंबर बिजनेस कम्युनिकेशन मैथ, होम साइंस बायोटेक, पॉलिटिकल साइंस
26 नवंबर इकोनॉमिक्स बिजनेस ऑर्गेनाइजेशन सोशियोलॉजी
27 नवंबर एजुकेशन फिलासफी संस्कृत, अरबी, जूलॉजी उर्दू, बिजनेस स्टेटिस्टिक्स
29 नवंबर हिंदी भाषा विज्ञान, हिंदी स्टेटिस्टिक हिस्ट्री ड्राइंग एंड पेंटिंग
30 नवंबर इंग्लिश लिटरेचर सायकोलॉजी, केमिस्ट्री कम्युनिकेटिव इंग्लिश, इंग्लिश लैंग्वेज, बॉटनी
01 दिसंबर जियोग्राफी एनवायरमेंट साइंस इंट्रोडक्शन कंप्यूटर अप्लीकेशन, म्यूजिक
02 दिसंबर हिंदी लिटरेचर फिजिक्स, परसियन मिलिट्री साइंस
परीक्षा वाली खबर में जोड़
तीन पालियों में होगी मिड टर्म परीक्षा
परीक्षा शेड्यूल के तहत तीन पालियों में मिड टर्म परीक्षा होगी। एक-एक घंटे की पाली में बीए, बीएससी, बीकॉम के सभी पाठ्यक्रमों की परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 से 11 बजे, दूसरी दोपहर 12 बजे से एक बजे और तीसरी पाली दोपहर दो बजे से तीन बजे तक होगी।