जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शनिवार को विकास खंड दमखोदा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय जोखनपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में अनियमितताएं और लापरवाही उजागर हुईं, जिसमें मिड-डे मील और छात्र उपस्थिति में फर्जीवाड़ा मुख्य था।
निरीक्षण के समय सुबह 8:25 बजे विद्यालय की स्थिति खराब पाई गई। सहायक अध्यापक सुनीता सिंह और शगुफ्ता फिरोज बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिलीं। अनुदेशक विजय पाल भी देरी से पहुंचे। बीएसए के पहुंचने के काफी देर बाद प्रार्थना सभा शुरू हुई और उस समय तक कक्षाओं में एक भी शिक्षक मौजूद नहीं था। ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने भी शिकायत की कि विद्यालय कभी समय पर नहीं खुलता और न ही शिक्षक समय से आते हैं।
सबसे गंभीर मामला मिड-डे मील और छात्र उपस्थिति में फर्जीवाड़े का सामने आया। रिकॉर्ड के अनुसार छात्रों की संख्या अधिक दर्शाई गई थी, जबकि मौके पर मात्र 45 बच्चे उपस्थित मिले।
जांच में पाया गया कि प्रधानाध्यापक तपन सिंह मौर्य की ओर से पिछले कई दिनों से फर्जी लाभार्थी संख्या दर्शाकर सरकारी धनराशि का दुरुपयोग किया जा रहा था।