बरेली। बारिश का झटका विद्युत निगम से संभाले नहीं संभल रहा। मंगलवार रात को हुई बारिश की वजह से सुभाषनगर, मढ़ीनाथ और किला उपकेंद्र से पोषित इलाकों में कई उपभोक्ताओं के मीटर खराब हो गए तो कई जगह ट्रांसफार्मर दगा दे गए। इस वजह से शहर के पॉश इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। देर रात इसे सुचारु किया जा सका।
विद्युत निगम के अधिकारियों के मुताबिक, बिजली गिरने की वजह से ऐसा हुआ। सबसे अधिक परेशानी सनसिटी, महानगर और हरूनगला उपकेंद्र पर हुई। वहीं, मंगलवार देर रात हुए फाल्ट का खामियाजा बुधवार को दिनभर कई इलाकों के उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ा।
गंगानगर इलाके के उपभोक्ता रातभर बिजली कटौती से परेशान रहे। यहां लगभग 520 उपभोक्ता रातभर उपकेंद्रों के चक्कर काटते रहे। इसके बावजूद राहत नहीं मिली। रामपुर बाग में ट्रांसफार्मर का डियू उड़ने से लगभग 330 उपभोक्ताओं की आपूर्ति बाधित रही। सर्किट हाउस फीडर भी ब्रेकडाउन रहा। सनसिटी, महानगर और हरूनगला में भी बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इन उपकेंद्रों को रात दो बजे तक दुरूस्त कर फीडरों की सप्लाई सुचारु की जा सकी।
बुधवार को दुर्गानगर उपकेंद्र के सैनिक कॉलोनी गली नंबर एक, जोगी नवादा, वनखंडीनाथ मंदिर, शाहदाना उपकेंद्र के कांकर टोला, बजरिया इनायतगंज फीडरों पर लोकल फाल्ट के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। छोटी विहार वार्ड में लोड ज्यादा होने के कारण ट्रांसफार्मर फुंक गया। वहां ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति को सुचारु किया जा सका। बिहारीपुर मेमरान, रामगंगानगर सेक्टर पांच, मोनी बाबा के मंदिर के आस-पास के इलाके में भी लोकल फाल्ट के कारण बिजली गुल। संवाद