मेगा ब्लॉक में रियायत देकर रेलवे ने भले ही यात्रियों को सहूलियत दी हो, लेकिन छह ट्रेनें निरस्त कर दी गईं। इससे वाराणसी, इलाहाबाद, लखनऊ, पटना और देहरादून रूट पर जाने वाले यात्रियों को खासी दिक्कत हुई। मेगा ब्लॉक में बरेली सेक्शन पर महज तीन घंटे में काम निपटा लिए गए। ब्लॉक के दौरान भी ट्रेनों को कॉशन देकर गुजारा जाता रहा। इंजीनियरिंग विभाग के मुताबिक, दोपहर में ट्रेनों की कम आवाजाही होने पर डाउन लाइन पर तेजी से मरम्मत कार्य कराया गया, ताकि यातायात प्रभावित न हो।
रेलवे बोर्ड ने रविवार को वाराणसी रूट की 14236 वाराणसी एक्सप्रेस, इलाहाबाद रूट की 14308 मुगलसराय एक्सप्रेस, सहरसा जाने वाली 15210 जनसेवा एक्सप्रेस, लखनऊ रूट की 12584 डबल डेकर, पटना जाने वाली 14004 फरक्का एक्सप्रेस और देहरादून जाने वाली 14265 जनता एक्सप्रेस रद्द करने की घोषणा कर दी। 24 ट्रेनें पहले सेे निरस्त होने के बाद रविवार को छह और ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने जैसे-तैसे सड़क मार्ग से अपना सफर पूरा किया। रेलवे स्टाफ के मुताबिक बड़ी संख्या में ट्रेनों के निरस्त होने के बाद बाकी ट्रेनों की टाइमिंग में सुधार आया है।
बिलपुर में लूपलाइन, आंवला में बदले स्लीपर
फतेहगंज पूर्वी में बिलपुर स्टेशन के पास अप लूपलाइन पर काम कराया गया। अपलाइन पर रामपुर और डाउन लाइन पर बालामऊ के पास मरम्मत कार्य कराए गए। आंवला लाइन पर भी स्लीपर बदलने का काम कराया गया। इंजीनियरिंग विभाग के विनय कुमार के मुताबिक, रविवार को सिर्फ तीन घंटे में मरम्मत का सारा काम पूरा कर लिया गया। मरम्मत के लिए दोपहर का वक्त चुना गया क्योंकि उस वक्त ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही काफी कम होती है। शाम के समय ट्रैक बहुत व्यस्त रहता है।
गुरुवार को धनेटा पुल के जर्जर गार्डर बदले जाएंगे
गुरुवार को अगर आप दिल्ली की तरफ सफर करने की योजना बना रहे हैं तो इसमें थोड़ा फेरबदल कर लें। दरअसल रेलवेे प्रशासन गुरुवार को ब्लॉक लेकर धनेटा में जर्जर हो चुके रेलवे पुल के गार्डर बदलने का काम कराएगा। इस दौरान रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इंजीनियरिंग विभाग ने मुरादाबाद मुख्यालय से गुरुवार को ब्लॉक मांगा है।