समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और आजम खां की मुलाकात पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने तंज कसा है।
मौलाना ने बुधवार को कहा कि अखिलेश यादव पूरे पांच साल सीतापुर जेल जाने में हिचकते रहे। आजम खां की खैरियत पूछने के लिए नहीं गए। लखनऊ से 120 किलोमीटर सफर करना उनके लिए दुश्वार था। अब जब आजम खां से जेल बाहर आ गए हैं तो 300 किमी का सफर कर रामपुर पहुंच गए। वहां आजम खां से मुलाकात की, लेकिन उनको मनाने में नाकाम रहे। मौलाना ने तंज कसते हुए कहा- बड़े बेआबरू होकर तेरे कूचे से हम निकले।
शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि आजम खां ने मेहमान की हैसियत से अखिलेश यादव का स्वागत किया। रवादारी निभाई। आजम खां दानिशवर शख्सियत हैं। मगर जो उनके (आजम खां) दिल में तकलीफ और ठेस है। इसका इजहार उनकी खामोशी से हुआ।
मौलाना ने कहा कि मुलाकात के बाद जब अखिलेश यादव बाहर आए और मीडिया से बात कर रहे थे। बगल में आजम खां खड़े थे,मगर उन्होंने मीडिया से बात नहीं की। इससे उनका दर्द समझा जा सकता है। अखिलेश यादव से जो उनकी शिकायत हैं, वह आज भी बाकी हैं। अखिलेश यादव आजम खां के दर्द और दुख को नहीं बांट सके। आजम खां के चेहरे से यह साफ झलक रहा था। उन्होंने खामोश रहकर अपने दुख दर्द का इजहार कर दिया।