फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: संविदा बस चालक बनने के लिए परास्नातक और डिप्लोमा धारक कतार में

Tue, 03 Dec 2024 03:03 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। रोडवेज के बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत और बदायूं डिपो में संविदा चालकों के 200 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित रोजगार मेला के पहले दिन सोमवार को 160 बेरोजगार पहुंचे। संविदा चालक की भर्ती के लिए उच्च शिक्षित युवा भी कतार में लगे नजर आए। पंजीकरण के बाद इनके आवेदनों की जांच और शारीरिक नापजोख की गई। मंगलवार को भी मेला का आयोजन किया जाएगा।
विज्ञापन

सोमवार को भर्ती मेला सुबह 10 से शाम पांच बजे तक चला। मंगलवार को दूसरे दिन मेला के समापन के बाद चयनित अभ्यार्थियों का ड्राइविंग टेस्ट कराया जाएगा। रोडवेज में संविदा चालक की भर्ती के लिए न्यूनतम योग्यता आठवीं पास रखी गई है। आवेदक की उम्र 23 साल छह माह से लेकर 45 साल तक होनी चाहिए।
न्यूनतम योग्यता भले आठवीं पास हो लेकिन, इस संविदा की इस नौकरी के लिए बड़ी संख्या में स्नातक, तकनीकी डिप्लोमा धारक और परास्नातक भी पहुंचे। कागजात पूरे न होने पर 18 लोगों के आवेदन निरस्त कर दिए गए। शेष 142 आवेदन स्वीकार कर लिए गए हैं। इनकी जांच की जा रही है।
विज्ञापन

रोडवेज के अधिकारियों ने पहले से स्थिति साफ नहीं की थी कि आवेदकों को प्रमाण पत्रों की मूल प्रति साथ लानी है। ऐसे में कई आवेदक छाया प्रति लेकर पहुंच गए। इनको मायूस होकर लौटना पड़ा। अधिकारियों ने इनसे मंगलवार को प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियों के साथ भर्ती मेला में शामिल होने की सलाह दी।


फोटो-

बीएससी (एग्रीकल्चर) किया नहीं मिली नौकरी
एग्रीकल्चर से बीएससी करने के बाद गांव में खेतीबाड़ी का काम देख रहा हूं। जहां भी नियुक्तियां निकलती हैं वहां काफी समय से आवेदन कर रहा हूं। ड्राइविंग भी सीखी है। रोडवेज में संविदा चालक की भर्ती के बारे में मालूम हुआ तो सोचा यहां भी किस्मत आजमा कर देखी जाए। -रमन पांडेय, नबावगंज



व्यवसाय करने के लिए पूंजी नहीं, नौकरी ही विकल्प
स्नातक करने के बाद आईटीआई से डिप्लोमा भी लिया है। खेतीबाड़ी से भला नहीं होता। महंगाई लगातार बढ़ रही है। अपना व्यवसाय करने के लिए पूंजी नहीं है। कई नियुक्तियों के लिए आवेदन किए, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सरकारी विभाग में संविदा की नौकरी भी बुरी नहीं। -रवेंद्र कुमार, आंवला

-
आगे की पढ़ाई के साथ नौकरी की भी तलाश
स्नातक कर चुका हूं। आगे की पढ़ाई चल रही है। पढ़ाई के साथ नौकरी की तलाश भी कर रहा हूं। रोडवेज में संविदा चालकों की भर्ती के बारे में पता लगा तो यहां आकर आवेदन किया है। कागजात पूरे हैं। ड्राइविंग लाइसेंस भी दो साल से ज्यादा पुराना है। उम्मीद है यह नौकरी मिल जाए। - पुष्पेंद्र, बरेली


स्नातक के बाद कर रहा डिप्लोमा
बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। शिक्षित बेरोजगारों को भी नौकरी नहीं मिल रही। स्नातक कर चुका हूं। डिप्लोमा कर रहा हूं। संविदा चालक के लिए न्यूनतम योग्यता भले आठवीं पास हो, लेकिन जो आवेदक यहां आए हैं उनमें 80 फीसदी से ज्यादा ऐसे हैं जो स्नातक या इससे ज्यादा शिक्षित हैं। - यूनुस, बरेली
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें