बरेली के परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग लग गई। अग्निशमन विभाग ने चार वाहनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड में काफी नुकसान होने का अनुमान है।
बरेली के परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में भारत पेट्रोलियम पंप के सामने स्थित प्लाईवुड गोदाम में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। कुल चार अग्निशमन वाहनों का उपयोग कर आग पर काबू पाया जा सका। इस अग्निकांड से परसाखेड़ा में कई घंटे तक दहशत का माहौल रहा।
विज्ञापन
सीएफओ मनु शर्मा ने बताया कि अग्निशमन केंद्र परसाखेड़ा को शुक्रवार देर रात 12 बजकर 24 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। मोहित नाम के व्यक्ति ने सिविल लाइंस अग्निशमन केंद्र से फोन कर बताया कि सड़क नंबर चार परसाखेड़ा में प्लाईवुड गोदाम में आग लगी है। सूचना मिलते ही एक दमकल घटनास्थल के लिए रवाना की गई। अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर आग की भीषणता का आकलन किया।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
आग प्लाईवुड के गोदाम में लगी थी, जिससे उसके तेजी से फैलने का खतरा था। तत्काल मोटर फायर इंजन से हौज पाइप लाइन बिछाकर पंपिंग शुरू की गई। आग की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइंस अग्निशमन केंद्र से एक अतिरिक्त मोटर फायर इंजन बुलाया गया। दोनों इकाइयों ने मिलकर आग बुझाने का कार्य किया। कुछ समय की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
अग्निशमन केंद्र को सूचना मिलने के एक मिनट के भीतर ही पहला फायर टेंडर रवाना हो गया था। टीम रात 12 बजकर 28 मिनट पर घटनास्थल पर पहुंच गई। अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में बचाव दल ने बिना देरी किए अभियान शुरू किया। आग बुझाने के लिए कुल चार अग्निशमन वाहनों का उपयोग किया गया। इस त्वरित कार्रवाई से आग को और फैलने से रोकने में मदद मिली।