केंद्राध्यक्ष और नकल कराने वाला शिक्षक भी हटाया गया, परीक्षार्थियों पर भी होगी कार्रवाई
बरेली। चार दिन पहले शाहजहांपुर के सत्यपाल सिंह डिग्री कॉलेज में सामूहिक नकल पकड़े जाने के बाद फ्लाइंग स्क्वाड की रिपोर्ट पर कुलपति ने कॉलेज को परीक्षा केंद्र की सूची से हटाने के साथ केंद्राध्यक्ष को भी पद से हटा दिया गया है। साथ ही नकल कराने वाले शिक्षक को भी अनुमोदित शिक्षक सूची से बाहर कर दिया गया है। नकल करते पकड़े गए 14 परीक्षार्थियों पर कार्रवाई का निर्णय परीक्षा समिति लेगी।
शुक्रवार को शाम कुलपति प्रो. केपी सिंह की ओर से जारी आदेश में कॉलेज को तत्काल प्रभाव से डिबार कर दिया गया है। केंद्राध्यक्ष को भी हटा दिया गया है। परीक्षार्थियों की बाकी बची परीक्षाएं नजदीकी दूसरे महाविद्यालय में कराने का आदेश दिया गया है। बता दें कि परीक्षा के दौरान सत्यपाल सिंह डिग्री कॉलेज में पहुंचे फ्लाइंग स्क्वाड ने ड्यूटी पर तैनात शिक्षक डॉ. राहुल की जेब से भी नकल की पर्ची बरामद की थीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर कुलपति ने डॉ. राहुल को भी अनुमोदित शिक्षक सूची से हटा दिया है।
बता दें कि 27 जुलाई को परीक्षा की दूसरी पाली में शाहजहांपुर के सत्यपाल सिंह डिग्री कॉलेज में स्नातक का जनरल इंग्लिश का पेपर चल रहा था। विश्वविद्यालय का फ्लाइंग स्क्वाड जांच के लिए पहुंचा जिसे देखते ही नकल की पर्चियां फेंकी जाने लगी। सीसीटीवी कैमरे बंद थे। निरीक्षण में कॉलेज के एक कक्ष में सामूहिक नकल होते मिली। सहायक निरीक्षक शिक्षक डॉ. राहुल की जेब से नकल की पर्चियां बरामद की थी।
नकल कराने वाले कॉलेजों पर होगी कार्रवाई
कुलपति प्रो. केपी सिंह ने परीक्षा कराने वाले सभी कॉलेजों को चेतावनी दी है। कहा है, किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिस परीक्षा केंद्र पर नकल की शिकायत मिलेगी और पुष्टि होने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराना और उसकी शुचिता को बरकरार रखना विश्वविद्यालय समेत कॉलेजों की भी अहम जिम्मेदारी है।